दूषित पानी और स्कूल की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सचिव को कार्यालय में बंद कर जड़ा ताला
विरोध करते ग्रामीण | Prabhat Khabar Network
कठबरारी स्कूल में बच्चों को दूषित पानी पिलाने का आरोप, ग्रामीणों का हंगामा। मध्याह्न भोजन और शौचालय की अव्यवस्था पर भी जताई नाराजगी।
प्रतिनिधि, विद्यासागर : करमाटांड़ प्रखंड क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कठबरारी में सोमवार को विद्यालय की कथित अनियमितताओं को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया. आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय सचिव धर्मेंद्र कुमार को कार्यालय में बंद कर बाहर से ताला जड़ दिया. सूचना मिलने पर एएसआई उमेश मेहरा पुलिस बल के साथ विद्यालय पहुंचे और करीब 20 से 25 मिनट बाद सचिव को कार्यालय से बाहर निकाला.

दूषित पानी से बच्चों को पिलाने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में बच्चों को दूषित पानी पिलाया जा रहा है. मध्याह्न भोजन तैयार करने में भी इसी पानी का इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई. ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के शौचालयों में ताला बंद रहने के कारण बच्चे पास के तालाब में शौच के लिए जाने को मजबूर हैं. वहीं, विद्यालय की जर्जर कक्षाओं को लेकर भी ग्रामीणों ने नाराजगी जताई.
10 हजार की कथित अवैध निकासी पर बढ़ा विवाद
विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने यूको क्लब की राशि से पौधरोपण के नाम पर 10 हजार रुपये की कथित अवैध निकासी का आरोप लगाया. इसी मामले को लेकर विद्यालय सचिव से पूछताछ के दौरान विवाद बढ़ गया और ग्रामीणों ने उन्हें कार्यालय में बंद कर दिया.
पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला
पुलिस के हस्तक्षेप और ग्रामीणों की पहल के बाद मामला शांत कराया गया. ग्रामीणों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए