ग्राहक बनकर ज्वेलर्स दुकान पहुंचे दो युवक, एक लाख के जेवर लेकर फरार

Updated:
विज्ञापन

दुकान में बैठे लाल घेरे में दोनों व्यक्ति | Prabhat Khabar Network

जामताड़ा के सिद्धि ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर पहुंचे दो युवकों ने आभूषण देखने के बहाने करीब एक लाख रुपये के दो पेंडेंट गायब कर दिए. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है.

विज्ञापन


जामताड़ा : शहर के सिद्धि ज्वेलर्स में बुधवार की शाम दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और स्वर्ण आभूषण विक्रेता को झांसा देकर करीब एक लाख रुपये मूल्य के जेवर लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की.

जेवर दिखाने के बहाने दो पेंडेंट उड़ाए, दो हजार रुपये देकर लौटने का दिया झांसा

पीड़ित दुकानदार दीनदयाल अग्रवाल ने बताया कि दो व्यक्ति दुकान पर पहुंचे और कान के टॉप्स तथा मंगलसूत्र के पेंडेंट दिखाने को कहा. दुकानदार ने उन्हें कई आभूषण दिखाए. इसी दौरान दोनों ने कथित तौर पर दो नग पेंडेंट चुपके से गायब कर दिए. इसके बाद उन्होंने दुकानदार को दो हजार रुपये दिए और कहा कि वे अपनी महिला रिश्तेदार को लेकर वापस आ रहे हैं. दोनों के दुकान से निकलने के बाद जब दुकानदार ने आभूषणों का मिलान किया तो दो आभूषण कम मिले.

गायब किए गए आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये

इसके बाद उन्होंने तत्काल दुकान से बाहर निकलकर दोनों की तलाश की, लेकिन तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे. दुकानदार के अनुसार गायब किए गए आभूषणों की कीमत करीब एक लाख रुपये है.

दुकानदार ने बताया कि दोनों आरोपी अलग-अलग दिशाओं से दुकान में पहुंचे थे. एक व्यक्ति घूंघट साड़ी प्रतिष्ठान की ओर से, जबकि दूसरा पॉपुलर मेडिकल हॉल की तरफ से आया था. इनमें से एक ने सफेद रंग की शर्ट और सिर पर टोपी पहन रखी थी, जबकि दूसरा स्थानीय व्यक्ति जैसा प्रतीत हो रहा था.

सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की तस्वीर कैद

घटना की सूचना मिलने पर जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस बल के साथ सिद्धि ज्वेलर्स पहुंचे. पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और दुकानदार से घटना की जानकारी ली. थाना प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपियों की तस्वीर कैद हुई है. फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.


विज्ञापन
Umesh Kumar

लेखक के बारे में

By Umesh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola