मिहिजाम ITI में विश्वकर्मा पूजा,टॉपर छात्राओं को सम्मान
कृष्णा आईटीआई में स्थापित भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा.| Prabhat Khabar Network
मिहिजाम ITI में विश्वकर्मा पूजा मनाई गई. छात्रों ने हुनर निखारने का संकल्प लिया और टॉपर छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया.
प्रतिनिधि, मिहिजाम .भगवान विश्वकर्मा की पूजा के साथ विद्यार्थियों ने अपने हुनर को निखारने और तकनीकी दक्षता के दम पर भविष्य संवारने का संकल्प लिया. मिहिजाम स्थित कृष्णा प्राइवेट आइटीआइ में विश्वकर्मा पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनायी गयी. संस्थान परिसर में सुबह से ही उत्सवी माहौल रहा. विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर संस्थान की सुख-समृद्धि और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गयी.
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर जमकर बजी तालियां
पूजा के बाद संस्थान परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसमें विद्यार्थियों ने आधुनिक नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं. एक के बाद एक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का मन मोह लिया. विद्यार्थियों की प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया.
टॉपर छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाली मेधावी एवं टॉपर छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने पर छात्राओं में उत्साह दिखा. संस्थान की ओर से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ अपने कौशल और प्रतिभा को विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया.
मेहनत और तकनीकी कौशल को बनाएं जीवन का आधार : निखिल
संस्थान के निदेशक निखिल कुमार ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा मेहनत, तकनीकी कौशल और निर्माण के प्रतीक हैं. विद्यार्थियों को पूजा के साथ अपने हुनर को लगातार निखारने और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए. तकनीकी शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए संस्थान लगातार प्रयास कर रहा है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए