टाटा पिगमेंट्स में वेज रिवीजन का बड़ा फैसला, कर्मचारियों की सैलरी में 15 हजार रुपये तक का इजाफा
वेतन समझौते के दौरान मौजूद प्रबंधन व यूनियन के सदस्य
टाटा पिगमेंट्स में कर्मचारियों के लिए खुशखबरी है. कंपनी ने 7 साल के लिए वेज रिवीजन समझौता किया है, जिससे 95 कर्मचारियों के वेतन में 15 हजार रुपये तक की वृद्धि होगी. एनपीएस और पीएलआर जैसी नई सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा.
जमशेदपुर: टाटा स्टील की सहयोगी कंपनी टाटा पिगमेंट्स में वेज रिवीजन समझौता सोमवार को हो गया. कंपनी परिसर के इंद्रधनुष भवन में मैनेजमेंट और यूनियन की बैठक के बाद समझौते पर हस्ताक्षर किये गये. यह समझौता सात वर्षों के लिए किया गया है, जो 1 अप्रैल 2024 से 31 मार्च 2031 तक लागू रहेगा.
समझौते के तहत 95 कर्मचारियों को लाभ मिलेगा. कर्मचारियों के वेतन में हर महीने अधिकतम 15 हजार रुपये और न्यूनतम 8600 रुपये की बढ़ोतरी की गयी है. अप्रैल 2024 से अगस्त 2026 तक का एरियर सितंबर में कर्मचारियों के खाते में भेज दिया जायेगा.
इस बार के वेज रिवीजन की खास बात यह है कि टाटा पिगमेंट्स के इतिहास में पहली बार औसत रेट ऑफ इंक्रीमेंट यानी ग्रेड स्ट्रक्चर में 400 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गयी है. कंपनी के नये और पुराने ग्रेड के लिए एक साथ समझौता किया गया है.
कर्मचारियों को एनपीएस और पीएलआर का भी लाभ
समझौते में 500 रुपये एनपीएस कैश एलाउंस की सुविधा भी दी गयी है. इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड रिवॉर्ड (पीएलआर) स्कीम लागू की गयी है. इससे कर्मचारियों को अधिकतम 550 रुपये का लाभ मिलेगा. इस राशि को अप्रैल 2027 में और बढ़ाया जायेगा.
अगले सप्ताह बोनस समझौते की संभावना
टाटा पिगमेंट्स के कर्मचारियों के बोनस समझौते को लेकर भी वार्ता चल रही है. बोनस समझौता अगले सप्ताह होने की संभावना है. मैनेजमेंट और यूनियन चाहती थी कि पहले वेज रिवीजन समझौता पूरा हो. अब वेज रिवीजन समझौता होने के बाद अगले सप्ताह सोमवार को बोनस समझौता होने की संभावना जतायी जा रही है.
इन लोगों ने किये हस्ताक्षर
समझौते पर मैनेजमेंट की ओर से टाटा पिगमेंट्स के प्रबंध निदेशक सरोज कुमार बनर्जी, मुख्य कारखाना प्रबंधक मानित कुमार, प्लांट हेड केएम महाराजा, प्रमुख वित्तीय अधिकारी दिनेश अग्रवाल, मुख्य मानव संसाधन पदाधिकारी अंकिता केविन नटाल, एचआर हेड अतुल कुमार शमाँ, चीफ ऑफ मार्केटिंग एंड सेल्स विजेन पटनायक, फाइनेंस एंड एकाउंट्स से हरेंद्र कुमार राय और एचआर ऑफिसर विवेक कुमार ने हस्ताक्षर किये.
वहीं, यूनियन की ओर से यूनियन अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह, उपाध्यक्ष कुलबीर सिंह, सत्यनारायण राव, सह सचिव कमलेश कुमार शर्मा, अनिल प्रसाद, कोषाध्यक्ष भुनेश्वर राम और श्रीमति पायो ने समझौते पर हस्ताक्षर किये.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए