करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की हत्या का मामले में एसआइटी गठित

Updated at : 22 Apr 2025 1:24 AM (IST)
विज्ञापन
करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की हत्या का मामले में एसआइटी गठित

क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने विनय सिंह के मोबाइल का कॉल डिटेल खंगाल कर उसे गौड़गोड़ा ( बालीगुमा ) बुलाने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली है.

विज्ञापन

विनय को गौड़गोड़ा बुलाने वाले व्यक्ति की हुई पहचान, दोपहर 12 बजे मारी गयी थी गोली

करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की हत्या का मामले में एसआइटी गठित

मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमार्टम, सिर से निकाली गयी गोलीकरणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत आज आयेंगे शहर, क्षत्रिय समाज में उबालकर्ज के दबाव में थे विनय, कुछ दिन पहले ही जमीन खरीद- बिक्री के कारोबार से जुड़े थेजब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं हो जाते, विनय सिंह का नहीं किया जाएगा अंतिम संस्कार : क्षत्रिय महासंघ

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

क्षत्रिय करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष विनय सिंह की हत्या मामले में पुलिस ने विनय सिंह के मोबाइल का कॉल डिटेल खंगाल कर उसे गौड़गोड़ा ( बालीगुमा ) बुलाने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली है. जानकारी के अनुसार, विनय को जमीन की खरीद-बिक्री से संबंधित बातचीत के लिए बुलाया गया था. इसके बाद ही उनकी हत्या कर दी गयी. पुलिस सूत्रों के मुताबिक रविवार दोपहर 12 बजे के बाद से विनय सिंह ने किसी का फोन रिसीव नहीं किया, हालांकि उनका फोन लगातार रिंग हो रहा था. इससे आशंका जतायी जा रही है कि दोपहर करीब 12 बजे ही उन्हें गोली मारी गयी होगी. उक्त व्यक्ति से पुलिस पूछताछ कर रही है.

एफएसएल की टीम ने लिये नमूने

वहीं सोमवार रात उनके शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड की निगरानी में और वीडियोग्राफी के साथ किया गया. शव के सिर से एक गोली बरामद की गयी है. अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल, बरामद हथियार और मृतक के हाथों के नमूने लिए हैं. हत्यारों को पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआइटी) का गठन किया है.

एसआइटी के साथ ग्रामीण एसपी ने की बैठक

सोमवार देर शाम ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने एसआइटी के साथ बैठक कर जांच में तेजी लाने और हत्यारे की गिरफ्तारी को लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जल्द से जल्द हत्यारे की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए. टीम की अगुवाई पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर कर रहे हैं. उनके साथ डीएसपी हेडक्वार्टर-1 भोला प्रसाद, एमजीएम थाना प्रभारी रामबाबू मंडल, सिदगोड़ा थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी, मानगो थाना प्रभारी निरंजन कुमार, उलीडीह थाना प्रभारी कुमार अभिषेक और तकनीकी विशेषज्ञों को टीम में शामिल किया गया है.

हत्या के कारणों की अभी तक नहीं हुई पुष्टि

पुलिस के मुताबिक विनय सिंह पिछले कुछ समय से जमीन की खरीद-बिक्री के कार्य से जुड़े थे और उन पर काफी कर्ज था, जिससे वे मानसिक दबाव में थे. हालांकि, हत्या के कारणों की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है. पुलिस हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है.

विनय सिंह के आवास पर जुटे क्षत्रिय समाज के लोग

इधर, हत्या से क्षत्रिय और करणी समाज में भारी आक्रोश व्याप्त है. सोमवार को मानगो स्थित आस्था स्पेस टाउन स्थित विनय सिंह के आवास पर समाज के कई लोग जुटे. झारखंड क्षत्रिय महासंघ के अध्यक्ष शंभू सिंह, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ललन सिंह, पूर्व विधायक अरविंद सिंह, शिवशंकर सिंह, चंद्रगुप्त सिंह, पूर्व डीआइजी राजीव रंजन सिंह, कविता परमार,नंदकिशोर सिंह, मनोज सिंह, कन्हैया सिंह ,नीरज सिंह समेत कई लोग उनके आवास पहुंचे और घरवालों को सांत्वना दी. क्षत्रिय समाज ने जिला पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है.

पुलिस के पास है 48 घंटे का समय : शंभू सिंह

झारखंड क्षत्रिय महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष शंभू सिंह ने कहा कि शहर में अपराध बढ़ते जा रहे हैं और पुलिस नाकाम साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस को 48 घंटे का समय दिया गया है, मंगलवार को करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष राज शेखावत जमशेदपुर पहुंचेंगे. इसके बाद आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक हत्यारे गिरफ्तार नहीं हो जाते, विनय सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा. बताया गया कि विनय सिंह की पिछले एक माह से रेकी की जा रही थी, जिसकी जानकारी उन्होंने डीएसपी को भी दी थी, बावजूद इसके पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिसके कारण उनकी हत्या हो गयी.

विनय नशा भी नहीं करता, ना उसका जमीन कारोबार से संबंध है : पिता

विनय सिंह के पिता सिद्देश्वर सिंह ने बताया कि उन्हें दो बेटे है. विनय छोटा बेटा है. विनय का किसी से कोई झगड़ा नहीं था. रविवार की सुबह करीब 11 बजे तक वह घर में था. वह सोफा पर लेटा था, तो मैंने कहा कि दुकान नहीं जाना है. जिसके बाद वह उठकर दुकान जाने के लिए निकला. कुछ देर बाद मैं भी घर से निकला. उसके बाद देर शाम तक घर नहीं लौटा. . वह फोन भी नहीं उठा रहा था. उन्होंने कहा कि विनय नशा नहीं करता था और उसका जमीन के कारोबार से भी कोई संबंध नहीं था. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है.

मां और पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल

हत्या की सूचना मिलने के बाद विनय सिंह की मां और पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल था. परिजनों के अलावा करणी सेना और क्षत्रिय समाज के लोगों ने पहुंचकर उन्हें सांत्वना दी.

अधिकारी की प्रतिक्रिया

विनय सिंह की हत्या के मामले में एसआइटी का गठन किया गया है. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन हत्यारे की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

– ऋषभ गर्ग, ग्रामीण एसपी, जमशेदपुर

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SANAM KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By SANAM KUMAR SINGH

SANAM KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola