बहरागोड़ा और मानुषमुड़िया में बन रहा 22 करोड़ से सिल्वर फॉरेस्ट पार्क, जानें क्या होगा खास
निर्माणाधीन पार्क.
बहरागोड़ा और मानुषमुड़िया में 22 करोड़ की लागत से बन रहे सिल्वर फॉरेस्ट पार्क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. जल्द ही लोगों को मिलेगी मनोरंजन की नई सुविधा.
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा एवं मानुषमुड़िया क्षेत्र के लोगों को जल्द ही मनोरंजन और घूमने-फिरने के लिए आधुनिक पार्क की सौगात मिलने वाली है. दोनों स्थानों पर लगभग 22 करोड़ों रुपये की लागत से सिल्वर फॉरेस्ट पार्क का निर्माण कराया जा रहा है. पार्क का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है. सब कुछ ठीक रहा तो आगामी चार से पांच माह के भीतर दोनों पार्क आम लोगों के लिए खोल दिये जाने की उम्मीद है. पार्क के तैयार होने के बाद क्षेत्र के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को मनोरंजन के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा.दोनों पार्कों को सभी आयु वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है. बच्चों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के उपकरण लगाए जा रहे हैं.वहीं, बुजुर्गों और अन्य लोगों के लिए भी बैठने, टहलने और समय बिताने की सुविधाओं को विकसित किया जा रहा है.
आपके शहर में
हरियाली और आकर्षक पौधों से संवारा जा रहा परिसर
सिल्वर फॉरेस्ट पार्क के परिसर को आकर्षक बनाने के लिए एक से बढ़कर एक फूलों वाले पौधों के साथ सदाबहार पौधे लगाये गये हैं. पार्क में हरियाली विकसित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है.फूलों और पौधों के कारण पार्क के तैयार होने के बाद इसका परिसर काफी आकर्षक नजर आने की उम्मीद है. लोगों को प्राकृतिक वातावरण में कुछ समय बिताने का अवसर भी मिलेगा.
निर्माण पूरा होने तक प्रवेश पर रोक
फिलहाल दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य अंतिम चरण में होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी है. पार्क में निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त होने तथा सभी आवश्यक सुविधाएं तैयार होने के बाद ही लोगों के लिए प्रवेश की अनुमति मिलने की उम्मीद है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों पार्कों के शुरू होने से क्षेत्र में मनोरंजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी. खासकर बच्चों के लिए यह पार्क आकर्षण का केंद्र बनेगा. साथ ही परिवार के लोग भी यहां आकर अपना समय बिता सकेंगे. पार्क के शुरू होने से बहरागोड़ा एवं मानुषमुड़िया क्षेत्र में सार्वजनिक मनोरंजन के लिए एक नया स्थान विकसित होगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए