हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी में नेतृत्व परिवर्तन, जानें किन्हें मिली कमान, फ्लावर शो को लेकर ये है अपडेट...
नवगठित कार्यकारिणी समिति के सदस्य.
हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर (HSJ) की 10वीं वार्षिक आम सभा में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है. अतुल कुमार भटनागर ने पदेन चेयरपर्सन का पद संभाला है, जबकि चित्रा शर्मा नई अध्यक्ष बनी हैं. बागवानी को बढ़ावा देने और पर्यावरणीय स्थिरता पर जोर रहेगा.
जमशेदपुर : हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर (एचएसजे) की 10वीं वार्षिक आम सभा (एजीएम) रविवार को एसएनटीआई ऑडिटोरियम, बिष्टुपुर में आयोजित की गई. बैठक में सोसाइटी की वर्षभर की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय विवरण और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की गई. साथ ही सोसाइटी के उपनियमों एवं नियमावली में महत्वपूर्ण संशोधनों को आम सभा की मंजूरी मिली.
आपके शहर में
फ्लावर शो की रूपरेखा भी प्रस्तुत की
कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी पॉज के साथ हुई. इसके बाद एचएसजे की अध्यक्ष सुमिता नूपुर ने स्वागत भाषण दिया. उन्होंने टाटा स्टील एवं टाटा स्टील यूआईएसएल के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और वर्षभर में सोसाइटी द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की. मौके पर आगामी फ्लावर शो और गार्डन ऑफ द ईयर प्रतियोगिताओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई. दिसंबर माह के अंत में फ्लावर शो का आयोजन किए जाने की संभावना जताई गई है.
योजनाओं को लेकर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए
सोसाइटी के संयुक्त सचिव कृष्णेंदु शॉ ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जबकि कोषाध्यक्ष बिपिन कुमार ने कोषाध्यक्ष प्रतिवेदन के साथ लेखा परीक्षित वित्तीय विवरण सभा के समक्ष रखा. दोनों को आम सभा ने अनुमोदित कर दिया. इसके बाद आयोजित संवादात्मक सत्र में सदस्यों ने सोसाइटी की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर अपने सुझाव एवं विचार साझा किए.
बागवानी को बढ़ावा देने पर जोर
सभा को संबोधित करते हुए एचएसजे की चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन ने कार्यकारिणी समिति, सदस्यों, स्वयंसेवकों और अन्य हितधारकों के योगदान की सराहना की. उन्होंने बागवानी को बढ़ावा देने, पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने और सामुदायिक सहभागिता को मजबूत करने में सोसाइटी की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
उपनियमों में महत्वपूर्ण संशोधन को मंजूरी
एजीएम में सोसाइटी के उपनियमों एवं नियमावली में संशोधन प्रमुख एजेंडा रहा. आम सभा ने प्रस्ताव पारित कर टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक को सोसाइटी का पदेन चेयरपर्सन बनाए जाने को मंजूरी दी. सात चेयरपर्सन द्वारा टाटा स्टील लिमिटेड अथवा टाटा स्टील यूआईएसएल से नामित व्यक्ति को पदेन अध्यक्ष बनाए जाने का प्रावधान भी स्वीकृत किया गया.
चित्रा शर्मा को नई जिम्मेदारी के लिए किया स्वागत
संशोधनों के अनुमोदन के बाद अतुल कुमार भटनागर, प्रबंध निदेशक, टाटा स्टील यूआईएसएल ने 6 सितंबर 2026 से हॉर्टिकल्चरल सोसाइटी जमशेदपुर के पदेन चेयरपर्सन का दायित्व संभाल लिया. वहीं, चित्रा शर्मा को पदेन अध्यक्ष नामित किया गया. उन्होंने सुमिता नूपुर का स्थान ग्रहण किया. आम सभा ने रुचि नरेंद्रन के चेयरपर्सन के रूप में दिए गए नेतृत्व और मार्गदर्शन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया. वहीं, सदस्यों ने सुमिता नूपुर की समर्पित सेवाओं की सराहना करते हुए चित्रा शर्मा का नई जिम्मेदारी के लिए स्वागत किया.
पर्यावरणीय स्थिरता और सदस्य सहभागिता पर रहेगा जोर
नवनियुक्त पदेन चेयरपर्सन अतुल भटनागर ने सोसाइटी की भावी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला. उन्होंने सशक्त प्रशासन, सदस्य सहभागिता में वृद्धि, पर्यावरणीय स्थिरता तथा वार्षिक फ्लावर शो समेत प्रमुख कार्यक्रमों के विस्तार पर जोर दिया.
नवगठित कार्यकारिणी समिति
- पदेन चेयरपर्सन : अतुल कुमार भटनागर
- पदेन अध्यक्ष : चित्रा शर्मा
- उपाध्यक्ष : अश्वनी श्रीवास्तव, कैप्टन मनीष सिन्हा, वरुण बजाज
- मानद महासचिव : सुकन्या दास
- मानद संयुक्त सचिव : जयंता घोष, कमल किशोर
- कोषाध्यक्ष : बिपिन कुमार
- मानद संयुक्त कोषाध्यक्ष : जगदीप सैनी
- समन्वयक : ज्योति हांसदा, मनोज कुमार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए