उलीडीह : वसुंधरा एस्टेट के पास गोली मारकर ट्रेलर चालक की हत्या, सीसीटीवी में दिखे हत्यारे

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 14 Apr 2024 9:52 PM

विज्ञापन

मानगो में चालक की हत्या

विज्ञापन

राजा सिंह हत्याकांड के आरोपी प्रवीर की तलाश में छापा

:: पुलिस ने घटनास्थल से बरामद किया छह खोखा,

:: पूर्व में फायरिंग मामले में जेल जा चुका था सन्नी

:: प्रदीप सिंह हत्याकांड के आरोपी मुन्ना का साथी था

फोटो- दूबे जी

वरीय संवाददाता, जमशेदपुर

उलीडीह थाना क्षेत्र में रविवार को एनएच स्थित वसुंधरा एस्टेट के पास बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने बारीडीह मोहरदा निवासी सन्नी कुमार यादव की गोली मार कर हत्या कर दी. बदमाशों ने छह गोली मारी जिससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर बालीगुमा की ओर फरार हो गये. हमलावर मानगो पोस्टऑफिस रोड निवासी प्रवीर सिंह व उसके दो साथी बताये जाते हैं.

घटना पूर्वाह्न करीब 11.55 बजे की है. मृतक मानगो स्थित जय मां कामिनी रोडवेज में ट्रीप ट्रेलर का चालक था. पुलिस ने घटनास्थल से छह खोखा बरामद किया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले में मृतक के ममेरे भाई विशाल यादव के बयान पर उलीडीह थाना में प्रवीर सिंह, सुनील ठाकुर समेत अन्य के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.

घटना की जानकारी मिलने पर सन्नी के घरवाले व रिश्तेदार घटनास्थल व पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे. जय मां कामिनी रोडवेज के संचालक प्रज्ज्वल वाजपेयी भी घटनास्थल पर पहुंचे. प्रज्ज्वल वाजपेयी ने बताया कि सन्नी कुमार यादव एक सप्ताह पूर्व ही उसके ट्रांसपोर्ट में चालक का काम शुरू किया था. वह ट्रीप ट्रेलर का चालक था. वाहन खराब होने की वजह से रविवार को डिमना चौक के पास ही एक गैराज में मरम्मत करने दिया गया था. इसी के लिए सन्नी और ट्रांसपोर्ट का एक कर्मचारी गैराज गया था. कर्मचारी गैराज में था, जबकि सन्नी गैराज से कुछ दूरी पर था. वहीं उसे गोली मारी गयी.

मृतक के बहनोई भोला यादव के भाई रौशन कुमार यादव ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 10.45 बजे सन्नी ने फोन कर उससे 500 रुपये मांगा था. उसने ऑनलाइन रुपये ट्रांसफर करने को कहा. मैंने रुपये ट्रांसफर कर दिया. सन्नी ने कहा था कि वह रात आठ बजे तक रुपये वापस कर देगा. कुछ समय बाद उसे गोली लगने की जानकारी मिली. सन्नी पूर्व में अपने मामा के साथ मानगो गुरुद्वारा रोड में रहता था. वह पूर्व में फायरिंग के एक मामले में जेल जा चुका था. प्रदीप सिंह हत्याकांड में जेल गये मुन्ना सिंह के साथ सन्नी की दोस्ती थी. जेल से छूटने के बाद उसके मामा ने मानगो छोड़कर बारीडीह मोहरदा में घर बनाया. सन्नी भी वहीं रहता था. अपराध को छोड़ वह चालक का काम करने लगा था. इसके लिए वह छत्तीसगढ़ चला गया था. इसी साल होली में घर लौटा था. इस दौरान उसने लाइसेंस बनवा लिया था. होली खत्म होने के बाद वापस छत्तीसगढ़ चला गया. 10 दिनों पूर्व ही वह छत्तीसगढ़ से लौटा था और मानगो में एक ट्रांसपोर्ट में चालक का काम कर रहा था.

इधर, मृतक के ममेरे भाई विशाल कुमार यादव ने सन्नी की हत्या में प्रवीर कुमार सिंह, सुनील ठाकुर व उसके साथियों के शामिल होने का आरोप लगाया है. विशाल के अनुसार सुनील ठाकुर और प्रदीप सिंह से पूर्व में सन्नी यादव का विवाद था. प्रदीप सिंह की भुइयांडीह में हत्या हो चुकी है. घटना की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी मुकेश कुमार लुणायत, डीएसपी पटमदा वचनदेव कुजूर, उलीडीह थाना प्रभारी अमित कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस के अनुसार मृतक सन्नी कुमार यादव वर्ष 2019 में सुनील ठाकुर पर फायरिंग के मामले में जेल जा चुका था. आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है.

राजा सिंह हत्याकांड में फरार है प्रवीर

सन्नी कुमार यादव हत्याकांड का आरोपी मानगो पोस्टऑफिस रोड निवासी प्रवीर सिंह गत दो फरवरी 2024 को मानगो पोस्टऑफिस रोड में राजा सिंह की हत्या का मुख्य आरोपी है. वह उक्त हत्याकांड में फरार है. मृतक सन्नी यादव का साथी मुन्ना सिंह भुइयांडीह में हुए प्रदीप सिंह की हत्या के मामले में जेल में बंद है. सन्नी कुमार यादव की हत्या भी प्रदीप सिंह की हत्या का बदला माना जा रहा है. पुलिस सन्नी कुमार यादव की हत्या के मामले में प्रवीर कुमार सिंह, राहुल बच्चा समेत अन्य की तलाश में जुटी है. राजा सिंह हत्याकांड में सुनील ठाकुर घाघीडीह जेल में बंद है.

गर्भवती है सन्नी की पत्नी

मृतक सन्नी कुमार यादव की पत्नी गर्भवती है. उसे एक डेढ़ साल की बेटी है. सन्नी के पिता दिल्ली में रहते हैं. परिजनों ने घटना की जानकारी उसके पिता को दे दी है. वह इकलौता पुत्र था. सोमवार को शव का पोस्टमार्टम किया जायेगा.

सीसीटीवी में भागते दिखे दो युवक और एक बाइक सवार

वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास का सीसीटीवी फुटेज खंगाला. सीसीटीवी फुटेज में पुलिस ने दो युवकों को पैदल भागते देखा है, जबकि एक युवक बाइक चला रहा है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है.

उलीडीह : नौ दिन में दो फायरिंग व एक हत्या, अपराधी बेखौफ

उलीडीह थाना क्षेत्र में अपराधी बेखौफ हैं. पिछले नौ दिनों में उलीडीह थाना क्षेत्र में फायरिंग की तीन वारदात हुई है. गत पांच अप्रैल को सिंटू सिंह व उसके साथी बाइक व स्कूटी पर सवार होकर शातिर बदमाश गुड्डू पांडेय के घर में घुसकर ताबड़तोड़ 15 राउंड फायरिंग की थी. इस दौरान सिंटू सिंह ने गुड्डू पांडेय के घर पर रिपीडर से फायरिंग की थी. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आसानी से बाइक व स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गये. इस घटना की पुलिस जांच ही कर रही थी कि छह अप्रैल को उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रामनगर रोड नंबर एक में बीयर पीने के लिए रुपये नहीं देने पर बाइक सवार बदमाशों ने राशन दुकानदार बैद्यनाथ साहू की दुकान पर दो राउंड फायरिंग की. दोनों ही वारदात में पुलिस अब तक मुख्य शूटरों को पकड़ नहीं सकी है. इसी बीच रविवार को बाइक सवार बदमाशों ने सन्नी कुमार यादव को दिनदहाड़े सरेआम छह गोली दाग दी. इससे घटनास्थल पर उसकी मौत हो गयी. रविवार को सन्नी यादव की हत्या के बाद शहर में गैंगवार की आशंका बढ़ गयी है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola