झारखंड : कारोबारी मेहुल साह अपहरण मामले में 1 गिरफ्तार, पूछताछ में खुलासा- अश्लील वीडियो बना किया गया था ब्लैकमेल

रांची पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता कदमा की श्वेता, पति और उसके प्रेमी (जयपुर निवासी) के अलावा चाईबासा से दो युवकों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
जमशेदपुर : मुंबई के कारोबारी मेहुल साह का अपहरण व 50 लाख रुपये फिरौती के मामले में रांची पुलिस ने शुक्रवार को जमशेदपुर पुलिस के सहयोग से बिरसानगर के त्रिवेणी अपार्टमेंट में छापामारी कर कांड में शामिल बाबू पिल्लै को गिरफ्तार किया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर टेल्को में छापामारी कर अभिषेक सिंह को गिरफ्तार किया. अभिषेक सिंह के पास से पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त पिस्तौल व कारतूस भी बरामद कर लिया. पुलिस इस मामले में एक अन्य आरोपी परसुडीह निवासी इरशाद की तलाश में है. पुलिस को आरोपियों से पूछताछ के दौरान पता चला है कि किडनैपरों ने व्यवसायी का अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी है.
रांची पुलिस पहले ही कई लोगों को कर चुकी है गिरफ्तार
रांची पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता कदमा की श्वेता, पति और उसके प्रेमी (जयपुर निवासी) के अलावा चाईबासा से दो युवकों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. गिरफ्तार युवकों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि रांची एयरपोर्ट के पास से मेहुल साह का अपहरण करने के बाद उसे बिरसानगर के अपार्टमेंट में लेकर पहुंचे थे. बाबू पिल्लै अपार्टमेंट के एक फ्लैट में किराये में रहता था. इसी फ्लैट में पिस्तौल का भय दिखाकर अभिषेक सिंह, बाबू पिल्लै व श्वेतापति के प्रेमी ने जबरन युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए उसे मजबूर किया और मोबाइल से वीडियो भी बनाया.
वीडियो बनाने के बाद मांगी गयी 50 लाख रुपये की फिरौती
वीडियो बनाने के बाद मेहुल साह से 50 लाख रुपये की मांग की. नहीं देने पर वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी भी दी. अपहरण कर्ताओं द्वारा दबिश देने पर मेहुल साह ने हवाला के जरिये 50 लाख रुपये मंगाया और अपहरणकर्ताओं को दिया. जिसके बाद अपहरणकर्ताओं ने मेहुल साह को छोड़ दिया था. उधर जुगसलाई थाना में गिरफ्तार अपहरणकर्ताओं से पूछताछ के बाद देर शाम रांची पुलिस सबको साथ ले गयी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




