मंदिर में की शादी, फिर साथ रखने से कर दिया इनकार, बुलाकर सास-पत्नी को जमकर पीटा

Updated:
विज्ञापन

जानककारी देती पीड़ित महिला.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमशेदपुर में शादी का झांसा देकर पहले कोर्ट मैरिज और फिर मंदिर में शादी करने वाले युवक ने पत्नी और सास पर हमला किया. महिला की शिकायत पर पुलिस जांच कर रही है.

विज्ञापन

जमशेदपुर : टेल्को कॉलोनी के घड़ी पार्क के पास मंगलवार को उस समय लोगों की भीड़ जुट गयी, जब एक युवक ने सड़क पर ही एक महिला और उसकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी. घटना के बाद युवक वहां से चला गया. महिला ने अब टेल्को थाना में युवक के खिलाफ मारपीट की लिखित शिकायत दर्ज करायी है. महिला का आरोप है कि युवक ने उससे पहले शादी की और अब उसे साथ रखने से इनकार कर रहा है.

विज्ञापन

टेल्को थाना में महिला ने की शिकायत

बिरसानगर बीएड कॉलेज रोड स्थित युवराज इनक्लेव निवासी ईशिका कुमारी ने टेल्को कॉलोनी घड़ी पार्क निवासी और टाटा मोटर्सकर्मी राजेन्द्र पाठक के खिलाफ टेल्को थाना में शिकायत की है. ईशिका के अनुसार, बिरसानगर लोयोला बीएड कॉलेज रोड में उनकी राशन की दुकान है. गत 2 अगस्त को राजेन्द्र पाठक दुकान पर सामान लेने आया था. इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत हुई. इसके बाद वह अक्सर दुकान आने लगा और ईशिका से शादी करने की बात कही.

माता-पिता भी पहुंचे थे शादी की बात करने

ईशिका का कहना है कि कुछ दिनों बाद राजेन्द्र पाठक के माता-पिता भी उनके घर पहुंचे. शादी की बात कही. इस दौरान शादी के लिए पांच हजार रुपये और कपड़े भी दिये गये. गत 13 अगस्त को कोर्ट में शादी के लिए आवेदन पर दोनों ने हस्ताक्षर किये. इसके बाद 3 सितंबर को साकची शीतला मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई. ईशिका का कहना है कि शादी से संबंधित प्रमाण भी उसके पास मौजूद हैं.

पूजा का सामान लेने गयी थी, तभी बुलाकर की मारपीट

ईशिका के अनुसार, वह अपनी मां पूनम देवी के साथ खड़ंगाझार बाजार पूजा का सामान लेने गयी थी. इसी दौरान राजेन्द्र पाठक भी मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा. आरोप है कि उसने दोनों को घड़ी पार्क के पास बुलाया और मारपीट शुरू कर दी. ईशिका का आरोप है कि राजेन्द्र ने उसकी मां पूनम देवी को चार-पांच थप्पड़ मारे. इसके बाद उसका मोबाइल छीनकर जमीन पर पटक दिया. महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई करने की मांग की है. टेल्को थाना में दी गयी लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola