एमजीएम में जल्द शुरू होगी सरकारी दर पर सीटी स्कैन और एमआरआई जांच, बढ़ेगी डॉक्टरों की संख्या

Updated:
विज्ञापन

एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण करते स्वास्थ्य सेवा निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल.

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल में जल्द ही सरकारी दर पर सीटी स्कैन और एमआरआई की सुविधा शुरू होगी. यह पहल मरीजों को महंगे निजी जांच केंद्रों से मुक्ति दिलाएगी और बड़ी राहत प्रदान करेगी.

विज्ञापन

जमशेदपुर : डिमना स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज कराने वाले कोल्हान के मरीजों के लिए राहत की खबर है. अस्पताल में जल्द ही सरकारी दर पर सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा उपलब्ध होगी. सीटी स्कैन मशीन लगाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि एमआरआई यूनिट स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से काम चल रहा है. इससे मरीजों को महंगे निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों में जांच कराने की जरूरत कम होगी.

विज्ञापन

सुविधाओं और कर्मचारियों की स्थिति की ली जानकारी

मंगलवार को स्वास्थ्य सेवा निदेशक प्रमुख डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने एमजीएम अस्पताल का निरीक्षण किया. उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, इमरजेंसी, गायनिक, आर्थो, अल्ट्रासाउंड सेंटर, एक्स-रे यूनिट समेत अन्य विभागों का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने इलाज के लिए आने वाले मरीजों की संख्या, अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और कर्मचारियों की स्थिति की जानकारी ली. मरीजों और कर्मचारियों से भी अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली.

सीटी स्कैन की प्रक्रिया अंतिम चरण में, जल्द शुरू होगी सेवा

निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में डॉ. सिद्धार्थ सान्याल ने कहा - राज्य सरकार एमजीएम अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर गंभीर है. अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन लगाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है. इसे जल्द शुरू कर दिया जायेगा. वहीं, एमआरआई यूनिट स्थापित करने की दिशा में भी काम तेजी से चल रहा है. सरकारी स्तर पर दोनों जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को काफी राहत मिलेगी. उन्हें जांच के लिए निजी केंद्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे समय और अतिरिक्त आर्थिक बोझ दोनों की बचत होगी.

मरीजों की संख्या के अनुरूप बढ़ेगा मैनपावर

डॉ. सान्याल ने कहा कि एमजीएम अस्पताल में मरीजों की संख्या काफी अधिक है, लेकिन उसके अनुरूप डॉक्टर और मैनपावर की कमी है. सरकार जल्द ही डॉक्टरों के साथ मैनपावर और टीचिंग स्टाफ की संख्या बढ़ाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने बताया कि एमजीएम में पीजी की सीटें भी कम हैं. इन सीटों को बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है, ताकि अधिक संख्या में विशेषज्ञ डॉक्टर तैयार हो सकें. इसके अलावा दूसरे राज्यों से भी डॉक्टरों को लाने का प्रयास किया जा रहा है.

उपलब्ध संसाधनों में बेहतर काम हो रहा

स्वास्थ्य सेवा निदेशक प्रमुख ने कहा कि एमजीएम अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों में बेहतर काम किया जा रहा है. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में पानी की समस्या और लिफ्ट के काम नहीं करने की जानकारी भी सामने आयी. उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का जल्द समाधान किया जायेगा.

अधीक्षक व सिविल सर्जन के साथ की बैठक

निरीक्षण के बाद डॉ. सान्याल ने एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ. बलराम झा और सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल के साथ बैठक की. बैठक में जिले और एमजीएम अस्पताल में उपलब्ध उपकरणों, डॉक्टरों और मैनपावर की स्थिति की जानकारी ली गयी. अस्पताल में मौजूद कमियों की सूची तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया, ताकि आवश्यक उपकरणों और अन्य संसाधनों की खरीदारी की जा सके.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola