टाटा स्टील कर्मी ड्यूटी पर गए, पीछे से चोरों ने किया खेल, क्वार्टर से 50 लाख के जेवर गायब

Updated:
विज्ञापन

अलमारी जिससे हुई चोरी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

जमशेदपुर में टाटा स्टील कर्मी के खाली क्वार्टर से 50 लाख के जेवर और नकदी की दिनदहाड़े चोरी। पुलिस ने CCTV फुटेज खंगालकर संदिग्ध की तलाश शुरू की है।

विज्ञापन

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार को बेखौफ चोरों ने टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास के बंद क्वार्टर को निशाना बनाया. चोर पीछे की गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे और अलमारी से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर व 20 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गये. दिनदहाड़े हुई इस बड़ी चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

विज्ञापन

सुबह 8 से दोपहर 12:30 बजे के बीच वारदात

सिदगोड़ा क्रॉस रोड 20 स्थित क्वार्टर नंबर एल4-11 में सुब्रतो दास रहते हैं. वह टाटा स्टील में कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी अंबिका दास पास के राम कृष्ण मिशन जूनियर स्कूल में शिक्षिका हैं. मंगलवार सुबह करीब सात बजे अंबिका दास स्कूल के लिए निकल गयीं. इसके बाद सुब्रतो दास भी करीब 7:40 बजे ड्यूटी पर चले गये.

दोपहर करीब 12:30 बजे सुब्रतो दास लंच के लिए क्वार्टर पहुंचे. मुख्य गेट का ताला खोलकर अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि दोनों कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं. जांच करने पर करीब 50 लाख रुपये के जेवर और 20 हजार रुपये नकद गायब मिले.

पीछे की दीवार फांदकर घुसे चोर, CCTV में दिखा संदिग्ध

सुब्रतो दास ने बताया कि उनके बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं और क्वार्टर में उनकी बुजुर्ग मां रहती थीं. हालांकि, करीब एक सप्ताह पहले उनकी मां परसुडीह स्थित पैतृक घर चली गयी थीं. घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया.

चोर पीछे की ओर से चहारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और गेट का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया. इसके बाद अलमारी का लॉक तोड़कर जेवर और नकदी लेकर फरार हो गये.

घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा. पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की तस्वीर पुलिस को मिली है. उसके आधार पर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.

चोरी से कॉलोनी में दहशत, शिक्षकों में भी आक्रोश

दिनदहाड़े हुई बड़ी चोरी से सिदगोड़ा इलाके में दहशत का माहौल है. घटना की जानकारी मिलने पर राम कृष्ण मिशन स्कूल के कई शिक्षक और शिक्षिकाएं भी अंबिका दास के क्वार्टर पहुंचे. घर की स्थिति देखकर सभी हैरान रह गये.

स्थानीय लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने, चोरी गये सामान की बरामदगी और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस अधिकारियों ने जल्द मामले का खुलासा करने का भरोसा दिया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola