झारसुगुड़ा में 1.2 करोड़ का प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
संवाददाता सम्मेलन में जानकारी देते पुलिस अधीक्षक। | Prabhat Khabar Network
झारसुगुड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.2 करोड़ रुपये का प्रतिबंधित कफ सिरप जब्त किया है। दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
झारसुगुड़ा,ओडिशा: झारसुगुड़ा पुलिस ने बडमाल क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप जब्त किया है. इस मामले में अंतरराज्यीय तस्कर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है. जिला पुलिस मुख्यालय में सोमवार शाम एसपी जीआर राघवेंद्र ने प्रेस वार्ता कर इस बड़ी सफलता की जानकारी दी.
ट्रक से 23 हजार से अधिक बोतलें बरामद
एसपी ने बताया कि सटीक सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने तुम्बेकेला स्थित फ्लाई ऐश ईंट कारखाने के पास अभियान चलाया. इस दौरान एक ट्रक और उसे एस्कॉर्ट कर रही एक कार को रोका गया. औचक तलाशी में ट्रक के अंदर से 197 सीलबंद कार्टन बरामद हुए. इनमें 23,640 बोतल (2,364 लीटर) प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप रखा था, जो एनडीपीएस अधिनियम के तहत व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आता है. पुलिस ने कफ सिरप के साथ-साथ परिवहन में प्रयुक्त ट्रक, एस्कॉर्ट कार, 2.44 लाख रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं.
बिहार और बंगाल के हैं तस्कर, चाईबासा से जुड़ा है तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के दर्जीबिघा गांव निवासी मोहम्मद अहसान अहमद (38) और पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के अलीगंज गांव निवासी रिजवान अंसारी (28) के रूप में हुई है. पूछताछ में तस्करों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि मादक पदार्थ की यह भारी खेप झारखंड के चाईबासा स्थित जगन्नाथपुर से लाई गयी थी. आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










