झारखंड के सभी चेंबर पहली बार एक मंच पर, जमशेदपुर में राज्य स्तरीय संगोष्ठी एक अगस्त को

जमशेदपुर (फाइल फोटो)
झारखंड के सभी चेंबर ऑफ कॉमर्स पहली बार जमशेदपुर में एक अगस्त को राज्य स्तरीय संगोष्ठी में शामिल होंगे. इसका उद्देश्य राज्य में औद्योगिक विकास को नई दिशा देना है.
प्रमुख संवाददाता, जमशेदपुर
फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफजेसीसीआइ) एवं सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एससीसीआइ) के संयुक्त तत्वावधान में एक अगस्त को जमशेदपुर स्थित सिंहभूम चेंबर भवन में संगोष्ठी आयोजित होगी. “झारखंड में अवसर एवं चुनौतियां : सतत एवं प्रतिस्पर्धी विकास पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में” विषय पर होने वाली इस संगोष्ठी की विशेषता यह होगी कि झारखंड के सभी चेंबर ऑफ कॉमर्स पहली बार एक साथ एक मंच पर जुटेंगे.
संगोष्ठी में औद्योगिक नीति, आर्थिक विकास में पर्यटन की भूमिका, झारखंड में अवसर एवं चुनौतियां तथा नीति निर्माण में चेंबर की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की जायेगी. सिंहभूम चेंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि यह संगोष्ठी झारखंड के उद्योग, व्यापार एवं निवेश को नयी दिशा देने में एक ऐतिहासिक पहल होगी. विभिन्न चेंबरों के सुझावों एवं अनुभवों के आधार पर तैयार होने वाले सुझाव राज्य सरकार के समक्ष प्रस्तुत किये जायेंगे, जिससे उद्योग एवं व्यापार के लिए अधिक अनुकूल वातावरण तैयार किया जा सके. सिंहभूम चेंबर के मानद महासचिव पुनीत कावंटिया ने बताया कि इस आयोजन में राज्य के सभी प्रमुख चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि भाग लेंगे. उन्होंने सभी सहभागी चेंबरों से सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि यह संगोष्ठी झारखंड के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए एक प्रभावी मंच सिद्ध होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










