लड्डू वाले गणेश : 15.5 फीट की प्रतिमा के हाथ में 11 किलो के लड्डू के लिए लगेगी बोली, जानें क्या है यह अनोखी परंपरा
कीताहीड में स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा और बाएं हाथ में 11 किलो का लड्डू जिसके लिए लगेगी बोली.
जमशेदपुर की कीताडीह गणेश पूजा में इस बार 15.5 फीट की भव्य प्रतिमा के साथ 11 किलो का विशाल लड्डू आकर्षण का केंद्र है. यह लड्डू विशेष रूप से तैयार किया गया है और इसकी अनोखी नीलामी परंपरा 1983 से चली आ रही है.
जमशेदपुर : कीताडीह के गणेश पूजा मैदान में इस बार भगवान गणेश की 15.5 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. लेकिन प्रतिमा के साथ एक और खास चीज लोगों का ध्यान खींच रही है - भगवान गणेश के बाएं हाथ में विराजमान 11 किलो का विशाल लड्डू. साकची की प्रसिद्ध जलेबी लाइन स्थित एक दुकान से विशेष रूप से तैयार कराया गया यह लड्डू अब पूजा के साथ-साथ अपनी अनोखी नीलामी परंपरा को लेकर चर्चा में है.
शुक्रवार को होगी 11 किलो के लड्डू की नीलामी
कीताडीह ब्यॉज क्लब की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी भगवान गणेश को अर्पित किए गए विशेष लड्डू की नीलामी की जाएगी. शुक्रवार को शाम 5 से 6 बजे के बीच 11 किलो के इस लड्डू की नीलामी होगी. खास बात यह है कि नीलामी में कोई भी व्यक्ति बोली लगा सकता है. यानी गणपति के इस खास प्रसाद को अपने घर ले जाने का मौका हर श्रद्धालु के लिए खुला रहेगा.
1983 से चली आ रही है बोली की परंपरा
बताया गया कि 1983 से ही यहां लड्डू के लिए बोली लगाने की परंरा है. अब तक सबसे अधिक 71 हजार रुपये की बोली लग चुकी है. ऐसे में शुक्रवार को होने वाली नीलामी में बोली कहां तक पहुंचती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं. कोषाध्यक्ष आकाश शास्त्री ने बताया - 1983 से ही लड्डू की बोली लगाने की परंपरा चली आ रही है.
प्रसाद के लिए रहती थी होड़, इसलिए शुरू हुई यह परंपरा
समिति के कोषाध्यक्ष आकाश शास्त्री ने बताया - पूजा के बाद लड्डू को लेकर समिति के सदस्यों और श्रद्धालुओं के बीच उत्साह रहता था. इसी को देखते हुए लड्डू की नीलामी की परंपरा शुरू हुई, जो आज भी पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ जारी है.
फीता कटिंग की परंपरा भी नहीं
समिति की एक खास बात यह भी है कि यहां पूजा की शुरुआत किसी औपचारिक फीता कटिंग समारोह से नहीं होती. समिति अपनी पारंपरिक शैली में पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों को प्राथमिकता देती है. गणेश पूजा के आयोजन में समिति के अध्यक्ष धरम सिंह वालिया, महासचिव कृष्णा रेड्डी, कोषाध्यक्ष आकाश शास्त्री समेत कमेटी के सदस्य गणेश चौहार, सोनी शर्मा, प्रदीप यादव और हेमंत राव सहित पूरी टीम सक्रिय है.
कीताडीह ब्यॉज क्लब में ये हैं शामिल
कीताडीह ब्यॉज क्लब में अध्यक्ष - धरम सिंह वालिया, महासचिव - कृष्णा रेड्डी, कमेटी मेंबर - गणेश चौहार, सोनी शर्मी, प्रदीप यादव, हेमंत राव आदि शामिल हैं.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए