अंतिम विदाई में टूट गया परिवार, नम आंखों से विदा हुई मासूम श्रेया
मासूम के शव से लिपट कर बिलखते परिजन
अमाइनगर सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम श्रेया की मौत से परिवार सदमे में है. नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, पिता का अस्पताल में इलाज जारी है.
घाटशिला: अमाइनगर पुलिया पर बीते बुधवार रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को झटके में जीवन भर का दर्द दे दिया. सोमवार को मासूम श्रेया सिन्हा की अंतिम विदाई के साथ परिवार का दर्द और गहरा हो गया. पोस्टमार्टम के बाद श्रेया का शव पहले टीएमएच मर्चरी में रखा गया. सोमवार को शव मऊभंडार स्थित आइसीसी वर्कर्स अस्पताल लाया गया, जहां से उसे घर ले जाया गया.
श्रेया का शव घर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गयी. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. आसपास के ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घर पहुंच गये. मासूम का चेहरा देखकर हर किसी की आंखें नम थीं. हादसे की भयावहता से पूरा इलाका स्तब्ध नजर आया.
मां-बेटा घायल हालत में लौटे घर
हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रेया की मां सुष्मिता सिन्हा भी सोमवार को घर लौटीं. उनके कमर और पैर में ऑपरेशन हुआ है. हादसे में घायल उनके दो वर्षीय बेटे शुभ्रदीप कृष्णा सिन्हा के पैर में फ्रैक्चर है. घर लौटने के बाद भी वह दर्द से कराहता रहा. वहीं श्रेया के पिता सुब्रतो सिन्हा की हालत गंभीर बनी हुई है. उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.
नम आंखों से दी अंतिम विदाई
शाम करीब साढ़े सात बजे श्रेया के पार्थिव शरीर को गोपालपुर श्मशान घाट ले जाया गया. नम आंखों के बीच मासूम को अंतिम विदाई दी गयी. इस दौरान पूरा इलाका गम में डूबा रहा. मौके पर जिला परिषद सदस्य कर्ण सिंह, दीपांजन सिंहदेव, राहुल पांडेय, सुमन सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि सुखलाल हांसदा, अजीत सिंह, शिवाजी चटर्जी, सुजन मन्ना, आशीष रॉय समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे. सभी ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया.
एक झटके में उजड़ गया परिवार
बुधवार रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार कार की टक्कर से हुए हादसे में पांच वर्षीय श्रेया की जान चली गयी, जबकि परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गये. एक मासूम की मौत और परिवार के कई सदस्यों के घायल होने की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.

आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए