‘कृष का गाना सुनेगा…’ से रातोंरात छाया था धूम, झारखंड के इस वायरल स्टार की कहानी जानकर चौंक जाएंगे आप
धूम की तस्वीर
कभी 'कृष का गाना सुनेगा' से इंटरनेट पर छा जाने वाले 'धूम' यानी पिंटू प्रसाद की जिंदगी बदल गई है. नशे की लत से उबरकर वह अब एक नया जीवन जी रहे हैं.
जमशेदपुर: ‘कृष का गाना सुनेगा… दिल ना दिया, दिल ना दिया ले बेटा…’ कभी सोशल मीडिया की हर दूसरी-तीसरी रील में सुनाई देने वाली ये आवाज जमशेदपुर के पिंटू प्रसाद की है. इंटरनेट ने उन्हें नाम दिया ‘धूम’. देखते ही देखते सड़कों पर नजर आने वाला एक आम शख्स सोशल मीडिया सेंसेशन बन गया. वीडियो वायरल हुआ, लोग उसके साथ रील बनाने लगे और धूम की अपनी अलग पहचान बन गई.
लेकिन अब वही धूम सोशल मीडिया पर पहले की तरह नजर नहीं आता. कभी-कभार किसी वीडियो में वह दिखाई जरूर दे जाता है, कुछ बोलता हुआ नजर आता है, लेकिन उसकी जिंदगी में क्या चल रहा है, इस पर कोई खास जानकारी सामने नहीं आती थी.
हाल ही में रांची में JPSC को लेकर हुए प्रोटेस्ट के दौरान पिंटू बच्चों का समर्थन करते हुए नजर आए. इसके बाद एक बार फिर लोगों के मन में सवाल उठा की आखिर धूम अब कहां है? क्या कर रहा है? और अचानक सोशल मीडिया से इतना दूर क्यों हो गया?
अब इस सवाल का जवाब जमशेदपुर के अस्तित्व फाउंडेशन से मिलता है जहां धूम अभी रह रहे है.
वायरल होने से पहले सड़कों पर बोरा लेकर घूमता था पिंटू

पिंटू प्रसाद यानी धूम की जिंदगी सोशल मीडिया की चमक से काफी अलग रही है. वह पहले रैग पिकिंग यानी कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करता था. रोजाना करीब 250 से 300 रुपये तक की कमाई होती थी, लेकिन नशे की लत के कारण कमाई का बड़ा हिस्सा शराब में चला जाता था.
फिर एक वीडियो ने उसकी जिंदगी की दिशा ही बदल दी. ‘कृष का गाना सुनेगा’ कहते हुए पिंटू का अंदाज लोगों को इतना पसंद आया कि देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया. इसके बाद वह इंटरनेट पर ‘धूम बॉय’ के नाम से मशहूर हो गया.
वायरल हुआ तो पैसे और ऑफर भी आने लगे

पिंटू के वायरल होने के बाद उसके साथ वीडियो बनाने के लिए लोग पैसे देने लगे. कुछ लोग उसे 500 से 1,000 रुपये तक भी देते थे. विज्ञापन और गानों के ऑफर तक आने लगे. लेकिन समस्या यह थी कि अचानक मिली इस लोकप्रियता को संभालने के लिए पिंटू तैयार नहीं था.
नशे की लत पहले से ही उसकी जिंदगी का बड़ा हिस्सा थी. ऐसे में वायरल होने से आई कमाई भी उसके भविष्य को संवारने के बजाय उसी लत में चली जाती थी.
फिर अचानक सोशल मीडिया से गायब हो गया धूम
लोगों ने धूम को सोशल मीडिया पर खूब देखा, उसके साथ वीडियो बनाए और उसकी आवाज पर भी काफी रील्स बनाए गए. लेकिन धीरे-धीरे उसकी मौजूदगी कम होती गई.
हालांकि वह पूरी तरह गायब नहीं हुआ. कभी-कभी किसी वीडियो में नजर आ जाता है, लोगों से बात करता दिखाई देता है या किसी कार्यक्रम में पहुंच जाता है. लेकिन अब उसकी जिंदगी का फोकस वायरल वीडियो या सोशल मीडिया की लोकप्रियता नहीं है बल्कि खुद को बेहतर करना है.
अब अस्तित्व फाउंडेशन में रह रहा है पिंटू

पिंटू फिलहाल जमशेदपुर के सौरव तिवारी के अस्तित्व फाउंडेशन में रह रहा है. यह फाउंडेशन नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उससे बाहर आने में मदद करता है.
सौरव बताते है की जब पिंटू फाउंडेशन पहुंचा था, तब उसकी सेहत काफी खराब बताई गई थी. उसे पीलिया, लिवर में सूजन और कम हीमोग्लोबिन जैसी समस्याएं थीं लेकिन अब उसके स्वास्थ्य स्थिति में काफी सुधार हुआ है और ये परेशानियां फिलहाल सामान्य बताई जा रही हैं.
सिर्फ नशा ही नहीं, जिंदगी जीने का तरीका भी बदला
पिंटू में बदलाव सिर्फ उसकी सेहत तक सीमित नहीं है. फाउंडेशन के मुताबिक, शुरुआत में उसे व्यक्तिगत साफ-सफाई और सामान्य हाइजीन की भी समझ नहीं थी. अब वह खुद अपनी हाइजीन का ध्यान रखता है, टॉयलेट का सही इस्तेमाल करता है और सामान्य तरीके से रहने लगा है.
पहले वह बाहर निकलने से भी बचता था और लगभग खुद तक ही सीमित रहता था. अब वह घर के अंदर-बाहर आता-जाता है और फाउंडेशन से जुड़े लोगों के साथ बाहर भी जाता है.
अभी fame नहीं, जिंदगी को पटरी पर लाना है मकसद

पिंटू के लिए अब सबसे जरूरी चीज सोशल मीडिया की लोकप्रियता नहीं, बल्कि एक स्थिर जिंदगी है. फाउंडेशन की ओर से उसके रहने, खाने, कपड़े और रोजमर्रा की जरूरतों का खर्च उठाया जा रहा है.
उसे चार वक्त का खाना और रहने के लिए सुरक्षित जगह मिल रही है. फाउंडेशन में नशे की लत से उबर रहे दूसरे लोग भी हैं, इसलिए पिंटू ऐसे लोगों के बीच रह रहा है जो उसकी स्थिति को समझते हैं.
‘नशा छोड़ो, जिंदगी जियो’ अब यही है धूम की कहानी
कभी ‘कृष का गाना सुनेगा’ कहकर इंटरनेट पर छा जाने वाला 32 वर्षीय पिंटू प्रसाद आज अपनी जिंदगी को नए सिरे से संभालने की कोशिश कर रहा है.
सोशल मीडिया पर उसकी मौजूदगी भले कम हो गई हो, लेकिन उसकी जिंदगी में बदलाव लगातार जारी है. कभी जिस पिंटू को लोग सिर्फ एक वायरल वीडियो के किरदार के तौर पर जानते थे, आज उसकी कहानी का सबसे अहम हिस्सा यह है कि वह नशे से बाहर निकलकर सामान्य जिंदगी जीने की कोशिश कर रहा है.
धूम की आवाज भले सोशल मीडिया पर अब कम सुनाई देती हो, लेकिन उसकी जिंदगी में बदलाव की कहानी अभी जारी है.
Also read: टाटा पिगमेंट्स में वेज रिवीजन का बड़ा फैसला, कर्मचारियों की सैलरी में 15 हजार रुपये तक का इजाफा
Also read: प्रेमी संग फरार हुई ऑटो चालक की पत्नी, TMH में काम के दौरान बढ़ी नजदीकी..पढ़ें पूरी खबर
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए