जिला परिषद सदस्य व साथियों पर हुआ था हमला, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम

Updated:
विज्ञापन

एसपी ऑफिस पहुंचे भाजपाई.

जमशेदपुर में कांवड़ यात्रा के दौरान हुए हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भाजपा ने एसपी को ज्ञापन सौंपा, 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया.

विज्ञापन

पोटका : कांवड़ यात्रा के दौरान जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल एवं उनके दो साथियों पर कैरासाई के समीप अज्ञात लोगों द्वारा किए गए कथित हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज हो गई है. सोमवार को सांसद विद्युत वरण महतो के नेतृत्व में भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर से मिला और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा.

आपके शहर में

विज्ञापन

श्रद्धालुओं के साथ हुई घटना पर जताई चिंता

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी देते हुए कहा - कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की घटना चिंता का विषय है. ज्ञापन में मांग की गई कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करें. प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस को 48 घंटे का समय देते हुए कहा कि यदि इस अवधि के भीतर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से जोरदार आंदोलन किया जाएगा.

आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान कैरासाई के समीप सूरज मंडल एवं उनके दो साथियों पर अज्ञात लोगों ने हमला किया था. घटना के बाद से ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने घटना में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है. प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और ऐसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए.

मामले की गंभीरता से की जाए जांच : सांसद

ज्ञापन सौंपने के दौरान सांसद विद्युत वरण महतो ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने तथा घटना के पीछे शामिल सभी लोगों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की. उन्होंने कहा - घटना में शामिल लोगों की गिरफ्तारी में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि पुलिस निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं करती है तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी.

प्रतिनिधिमंडल में ये थे मौजूद

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में बाबुआ सिंह, सजीव सिंह, जिला परिषद सदस्य सविता सरदार, जिला परिषद सदस्य सूरज मंडल, मनोज कुमार सरदार, उपेन्द्रनाथ सरदार, गणेश सरदार, सनत सी, श्यामल महाकुड़, पिंटू पुरान, जगजीवन कर्मकार, पल्टु मंडल, समीरन पात्र, चंचल चक्रवर्ती, दुलाल मंडल, उत्पल बोस, प्रणव मंडल, गोदा भकत, गुलशन सरदार, भवतोष दास मौजूद थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola