जमशेदपुर में स्कूल के बाहर चाकूबाजी, सूचना मिलते मौके पर पहुंची पुलिस
बिरसानगर में स्कूली छात्रों के बीच मारपीट में चाकू से हमला, दो धराये | Prabhat Khabar Network
जमशेदपुर के बिरसानगर स्थित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, चाकू बरामद। पुलिस ने दो छात्रों को हिरासत में लिया।
जमशेदपुर: बिरसानगर जोन नंबर-6 स्थित नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल में दो छात्रों के बीच चल रहा विवाद बुधवार को हिंसक हो गया। स्कूल गेट के बाहर दोनों छात्रों के भाई और समर्थक आपस में भिड़ गए। मारपीट के दौरान चाकू निकलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्कूल में सातवीं और आठवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों छात्रों ने अपने-अपने भाई और अन्य साथियों को बुला लिया। बुधवार को दोनों पक्ष स्कूल गेट के बाहर आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गयी।
मारपीट के दौरान कुछ युवक स्कूल परिसर में भी घुस गए। स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों ने हस्तक्षेप कर उन्हें रोका और दो छात्रों को पकड़ लिया। इसी दौरान एक छात्र के सहयोगी के पास से चाकू बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चाकू जब्त कर लिया। पुलिस दोनों छात्रों को पूछताछ के लिए थाने ले गयी। पुलिस के अनुसार, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गयी है। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दोनों छात्रों को स्कूल से निकाला जाएगा
स्कूल प्रबंधन ने बताया कि घटना के बाद दोनों छात्रों को स्कूल से निष्कासित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। प्रबंधन का कहना है कि स्कूल परिसर में इस तरह की हिंसक घटना को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










