Hazaribagh News: चोरी का हाइवा लेकर भाग रहा था चालक, पदमा पुलिस ने बिहार तक खदेड़ कर पकड़ा

Updated:
विज्ञापन

हाइवा लेकर भाग रहे चालक को पकड़ती हुई पदमा पुलिस की सांकेतिक तस्वीर | AI

पदमा पुलिस ने चोरी के हाइवा को बिहार तक खदेड़ कर पकड़ा. आमस टोल प्लाजा के पास पुलिस को देखते ही भागा चालक, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया.

विज्ञापन

पदमा से संजय सागर की रिपोर्ट

आपके शहर में

विज्ञापन

पदमा: पदमा पुलिस ने चोरी के हाइवा को लेकर भाग रहे चालक को बिहार के गया जिले में पीछा कर गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आमस टोल प्लाजा के पास चोरी का हाइवा बरामद किया. पुलिस को देखते ही चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया था. बाद में स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर उसे उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया गया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र के बलिगांव निवासी रंजीत कुमार उर्फ रामजीत कुमार (27) के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

एसपी की सूचना पर शुरू हुई कार्रवाई

पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार ने बताया कि कटकमदाग थाना क्षेत्र के सुल्ताना निवासी अमित कुमार का हाइवा पिछले अप्रैल माह में पदमा ओपी क्षेत्र से चोरी हुआ था. इस संबंध में पदमा ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.

24 अगस्त को एसपी अमन कुमार से सूचना मिली कि चोरी का हाइवा लेकर कोई व्यक्ति पदमा की ओर आ रहा है. सूचना मिलते ही छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने पदमा-इटखोरी रोड और पदमा-बरही फोरलेन पर वाहनों की जांच शुरू कर दी.

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी का हाइवा चौपारण होते हुए बिहार के गया की ओर जा रहा है. इसके बाद पुलिस टीम ने हाइवा का पीछा शुरू किया और बिहार पहुंचकर स्थानीय आमस थाना पुलिस को इसकी सूचना दी.

यह भी पढें: हजारीबाग: अपनी ही जमीन पर काम कराने पहुंचे रिटायर्ड DSP से मारपीट, टूट गया दांत; चार नामजद

टोल प्लाजा पर पुलिस को देखकर हाइवा छोड़ भागा चालक

पदमा पुलिस ने आमस थाना पुलिस से आमस टोल प्लाजा के पास जांच करने का आग्रह किया. टोल प्लाजा के पास पुलिस की जांच देखकर चालक रंजीत कुमार हाइवा छोड़कर फरार हो गया.

पुलिस ने हाइवा को जब्त कर जांच की तो उस पर जेएच-10सीजी-5636 नंबर प्लेट लगी थी. जांच में पता चला कि यह नंबर किसी कार का है. वहीं, हाइवा का चेचिस नंबर भी घिसा हुआ मिला. इसके बाद पुलिस ने वाहन की पहचान और चालक की तलाश तेज कर दी.

घर से गिरफ्तार हुआ चालक

पुलिस टीम ने स्थानीय आमस और रफीगंज थाना पुलिस की मदद से छापेमारी की. फरार चालक रंजीत कुमार को उसके गांव बलिगांव स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया गया. आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी और जब्त हाइवा को पदमा ओपी लाया गया. इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.

छापेमारी दल का नेतृत्व पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार कर रहे थे. टीम में एसआई राजेश हाजरा, संदीप कुमार, आलोक सोरेन और रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल थे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन