कटकमसांडी में DC का औचक निरीक्षण, अनुपस्थित पदाधिकारियों को लगायी फटकार
कटकमसांडी कार्यालय में औचक निरीक्षण करते डीसी | Prabhat Khabar Network
डीसी हेमंत सती ने कटकमसांडी प्रखंड का निरीक्षण किया. उन्होंने सभी अधिकारियों को सरकारी आवास में रहकर काम करने और योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया.
कटकमसांडी (हजारीबाग). उपायुक्त हेमंत सती ने शनिवार को कटकमसांडी प्रखंड क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रखंड कार्यालय पहुंचकर बीडीओ से एसआइआर, प्रधानमंत्री आवास योजना, वीबीजी रामजी, वाटर कंजर्वेशन, मटेरियल, अबुआ आवास समेत विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली.
आपके शहर में
जर्जर भवनों को ध्वस्त करने का निर्देश
उपायुक्त ने प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित पुराने एवं जर्जर भवनों को ध्वस्त करने का निर्देश दिया. वहीं, प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित पुराने थाना परिसर की साफ-सफाई करा कर उसे प्रखंड कार्यालय परिसर में शामिल करने को कहा. उन्होंने सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया.
ये भी पढ़ें: कोडरमा DEO ने सतगावां कस्तूरबा विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं से परीक्षा की तैयारी पर की बात
सरकारी आवास में रहकर दायित्व निभाने को कहा
उपायुक्त ने सुपरवाइजर, पंचायत सेवक एवं अन्य कर्मियों के लिए निर्मित सरकारी आवासीय भवनों का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कर्मी नियमित रूप से सरकारी आवासीय भवनों में रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
छह अनाथ बच्चों के मामले की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने उपायुक्त को बताया कि ढोठवा पंचायत में छह अनाथ बच्चों से संबंधित मामले सामने आये हैं. इनमें दो बच्चों का आवासीय विद्यालय में नामांकन कराया जाना है, जबकि शेष चार बच्चों के लिए फोस्टर केयर के तहत एडॉप्ट करने वाले परिवार का चयन कर लिया गया है. अब बाल कल्याण समिति के माध्यम से आगे की कार्रवाई की जायेगी. उपायुक्त ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
अनुपस्थित पदाधिकारियों को लगायी फटकार
उपायुक्त ने कहा कि अंचलाधिकारी समेत सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर कार्यों का निष्पादन करें. पशुपालन कार्यालय में पदाधिकारियों के अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए फटकार लगायी. उन्होंने नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का भी किया निरीक्षण
इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए