हजारीबाग के तीन प्रखंडों में निर्माण कार्य कराएगा जल संसाधन विभाग, खर्च मात्र 55 लाख

Updated at : 13 Mar 2026 8:37 AM (IST)
विज्ञापन
Hazaribagh News

हजारीबाग में जल संसाधन विभाग का कार्यालय. फोटो: प्रभात खबर

Hazaribagh News: झारखंड के हजारीबाग जिले में जल संसाधन विभाग बरकट्ठा, चलकुसा और कटकमसांडी प्रखंडों में विकास कार्यों पर करीब 55 लाख रुपये खर्च करेगा. सड़क, गार्डवाल, स्कूल में शौचालय, साइकिल स्टैंड और आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत के लिए निविदा प्रक्रिया 18 मार्च से शुरू होगी और 19 मार्च को टेंडर खोले जाएंगे. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट

Hazaribagh News: हजारीबाग जिले में जल संसाधन विभाग द्वारा विकास कार्यों को गति देने की तैयारी शुरू कर दी गई है. विभाग के जलपथ प्रमंडल संख्या-2 के तहत बरकट्ठा, चलकुसा और कटकमसांडी प्रखंडों में विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्यों पर लगभग 55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके लिए विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है.

18 मार्च को होगी परिमाण पत्र की बिक्री

जलपथ प्रमंडल संख्या-2 के कार्यपालक अभियंता राहुल मालतो ने गुरुवार को जानकारी देते हुए बताया कि निविदा प्रक्रिया शुरू करने से पहले परिमाण विपत्र (टेंडर दस्तावेज) की बिक्री 18 मार्च को की जाएगी. इस दिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक इच्छुक संवेदक कार्यालय से परिमाण पत्र खरीद सकेंगे. उन्होंने बताया कि इसके अगले दिन यानी 19 मार्च को निविदा खोली जाएगी. पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से संपन्न किया जाएगा और सभी नियमों का कड़ाई से पालन किया जाएगा.

नियमों के तहत ही होगा कार्य आवंटन

कार्यपालक अभियंता राहुल मालतो ने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होगी. किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों के विरुद्ध कार्य को स्वीकार नहीं किया जाएगा. उन्होंने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद योग्य संवेदकों को ही काम आवंटित किया जाएगा. विभाग का लक्ष्य है कि सभी विकास कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि स्थानीय लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके.

बरकट्ठा प्रखंड में बनेगा गार्डवाल और सड़क

बरकट्ठा प्रखंड के बेड़ोकला टोला उदयसिंगा में दुर्गा मंडप से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) पथ तक गार्डवाल और सड़क निर्माण का कार्य किया जाएगा. इस परियोजना पर 24 लाख रुपये से अधिक राशि खर्च की जाएगी. इस निर्माण से ग्रामीणों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी.

चलकुसा प्रखंड में स्कूल में होंगे विकास कार्य

इसी तरह चलकुसा प्रखंड के खरगू पंचायत चौबे स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में कई विकास कार्य किए जाएंगे. यहां शौचालय निर्माण, साइकिल स्टैंड और बोरिंग का कार्य कराया जाएगा. इन सभी कार्यों पर करीब 15 लाख रुपये से अधिक राशि खर्च की जाएगी. इससे विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.

कटकमसांडी में आंगनबाड़ी केंद्र की होगी मरम्मत

कटकमसांडी प्रखंड के शाहपुर पंचायत के तोरार स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मत का भी निर्णय लिया गया है. इस कार्य पर भी 15 लाख रुपये से अधिक राशि खर्च की जाएगी. मरम्मत के बाद केंद्र की स्थिति बेहतर होगी और बच्चों तथा महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा.

इसे भी पढ़ें: भाजपा शासित राज्यों में डीजे पर रोक, फिर झारखंड में क्यों बजवाना चाहते हैं विधायकजी?

90 दिनों में पूरा होगा निर्माण कार्य

विभाग के अनुसार निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी निर्माण और मरम्मत कार्यों को 90 दिनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके बाद इन परियोजनाओं को उपयोग के लिए स्थानीय लोगों को सौंप दिया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा.

इसे भी पढ़ें: कहां गया कृषि विभाग का 1.65 करोड़? पलामू में दफ्तर बनाने के लिए 15 साल पहले हुआ था आवंटित

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola