हजारीबाग में शिक्षकों ने लगाई दौड़, बनाई पेंटिंग और फिर निबंध भी लिखा, मिला पुरस्कार

हजारीबाग के शिक्षक समागम में पुरस्कृत शिक्षक-शक्षिकाएं. फोटो: प्रभात खबर
Hazaribagh News: हजारीबाग में आयोजित शिक्षक समागम में शिक्षकों ने दौड़, पेंटिंग, निबंध, गायन और म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिताओं में भाग लिया. 16 प्रखंडों से 192 शिक्षक शामिल हुए. कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों में रचनात्मकता और ऊर्जा बढ़ाना है. विजेताओं को प्रमाण पत्र, मेडल और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.
हजारीबाग से आरिफ की रिपोर्ट
Hazaribagh News: आमतौर पर स्कूलों में शिक्षक बच्चों को निबंध लिखने, पेंटिंग बनाने और खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रेरित करते दिखाई देते हैं. लेकिन, हजारीबाग में शनिवार को कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला. यहां शिक्षकों ने खुद दौड़ लगाई, पेंटिंग बनाई और निबंध लिखकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया.
डायट में आयोजित हुआ शिक्षक समागम
झारखंड के हजारीबाग स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में 28 मार्च को शिक्षक समागम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्घाटन डीएसई सह डायट प्रभारी आकाश कुमार ने किया. कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को रचनात्मक और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना था, ताकि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए और बेहतर तरीके से काम कर सकें.
राज्य स्तर की पहल से जुड़ा कार्यक्रम
यह समागम झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी) की पहल का हिस्सा है. वर्ष 2026 से इस तरह के आयोजनों की शुरुआत की गई है, जिसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शिक्षकों के प्रशिक्षण और पाठ्यक्रम विकास को मजबूत करना है. इस पहल को राज्य की स्कूली शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
16 प्रखंडों से पहुंचे 192 शिक्षक
इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में हजारीबाग के 16 प्रखंडों से कुल 192 शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल हुए. इनमें सदर, दारू, टाटीझरिया, इचाक, विष्णुगढ़, पदमा, बरही, बड़कागांव, केरेडारी, कटकमदाग, कटकमसांडी, बरकट्ठा, चौपारण, चलकुसा, डाडी और चुरचू प्रखंड के शिक्षक शामिल थे. सभी प्रतिभागी कक्षा एक से आठवीं तक के शिक्षक थे.
छह प्रतियोगिताओं में दिखा जोश
कार्यक्रम में कुल छह प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं. इसमें 100 मीटर और 200 मीटर दौड़, निबंध लेखन, गायन, म्यूजिकल चेयर रेस और पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल थीं. हर प्रतियोगिता में शिक्षकों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया. इससे यह स्पष्ट हुआ कि शिक्षक न सिर्फ पढ़ाने में बल्कि अन्य गतिविधियों में भी माहिर हैं.
विजेताओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र, मेडल और मेमेंटो देकर सम्मानित किया गया. 100 मीटर दौड़ में महिला वर्ग में निर्मला पंडित प्रथम, अनिता तिग्गा द्वितीय और विनिता कुमारी तृतीय रहीं. पुरुष वर्ग में तुलसी कुमार दास ने प्रथम स्थान हासिल किया. 200 मीटर दौड़ में नीलू कुमारी और मनोज कुमार ने अपने-अपने वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया.
दूसरी प्रतियोगिताओं के विजेता
म्यूजिकल चेयर रेस में नाहिद अख्तर प्रथम, उर्मिला देवी द्वितीय और किरणलता तृतीय रहीं. गायन प्रतियोगिता में कृष्णा गोप ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि अनिता देवी और सकलदेव पंडित क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे. पेंटिंग प्रतियोगिता में सरयू रविदास ने प्रथम, नीलम देवी ने द्वितीय और प्रीति कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं, निबंध लेखन में श्वेता भारती प्रथम, बालेश्वर महतो द्वितीय और प्रभास महतो तृतीय रहे.
इसे भी पढ़ें: हरिहरगंज में अवैध स्टोन चिप्स माफिया की दादागिरी, सीओ-सीआई पर हमला, चार पर केस दर्ज
शिक्षा में नवाचार
इस तरह के आयोजन शिक्षकों के बीच नई ऊर्जा और उत्साह भरते हैं. इससे न सिर्फ उनका आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि वे छात्रों को भी बेहतर तरीके से प्रेरित कर पाते हैं. कार्यक्रम को सफल बनाने में डायट के संकाय सदस्य रंजीत कुमार वर्मा, महेंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य लोगों का अहम योगदान रहा. जजों की एक टीम ने सभी प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया.
इसे भी पढ़ें: सात महीने से पाई-पाई को तरस रहे हजारीबाग के 447 सहायक आचार्य, नियुक्ति के बाद से नहीं मिल रहा वेतन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




