रातभर चला सीआईएसएफ का अभियान, ड्रोन से तलाशे अवैध कोयले के ठिकाने, 256 टन बरामद
हजारीबाग के बड़कागांव में CISF ने ड्रोन की मदद से छापेमारी कर 256.71 टन अवैध कोयला बरामद किया. अवैध खनन के खिलाफ यह एक बड़ी कार्रवाई है.
बड़कागांव (हजारीबाग): हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड में अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है. सीआईएसएफ की टीम ने जोराकाठ, चपरी और सेहदा गांव के दुर्गम वन क्षेत्रों में छापेमारी कर 256.71 टन अवैध कोयला बरामद किया. बरामद कोयले को 10 हाइवा वाहनों से एनटीपीसी के कांटा घर लाकर वजन कराया गया.
आपके शहर में
सूचना के आधार पर गठित हुई टीम
सीआईएसएफ के वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई. उनके निर्देशन में उप कमांडेंट सुरेश और सहायक कमांडेंट संजीव कुमार मीणा के संयुक्त नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. अभियान में 100 से अधिक जवानों को अलग-अलग टीमों में लगाया गया.
ये भी पढ़ें- वज्रपात से दो लोगों की मौत, रक्षा बंधन पर घर आई छात्रा भी बनी आसमानी आफत का शिकार
रातभर दुर्गम जंगल में चला अभियान
26 अगस्त की रात से 27 अगस्त की सुबह करीब तीन बजे तक अभियान चला. जवानों ने बड़कागांव से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित दुर्गम वन क्षेत्र में पहुंचकर संदिग्ध ठिकानों की तलाशी ली. जंगल और दुर्गम इलाका होने के कारण अभियान में जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी.
ड्रोन से हुई हवाई निगरानी
अभियान के दौरान ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी भी की गई. इससे जंगल में छिपाकर रखे गये अवैध कोयले के भंडारण स्थलों की पहचान करने में मदद मिली. इसके बाद टीमों ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर कोयला जब्त किया. सीआईएसएफ ने जब्त कोयले को सुरक्षित भंडारण स्थल पर रख दिया है. अधिकारियों ने कहा कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों तथा पूरे नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें- लोहरदगा में अपराधियों का तांडव: सड़क निर्माण साइट पर तीन राउंड फायरिंग, वाहनों में लगाई आग; गार्ड को लगी गोली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए