महिला आरक्षण बिल गिराने के विरोध में भाजपा की 25 को रांची में पदयात्रा

विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण बिल गिराकर पाप किया : आदित्य साहू
हजारीबाग. लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के प्रस्ताव को विपक्षी दलों द्वारा गिराये जाने के विरोध में भाजपा 25 अप्रैल को रांची के मोरहाबादी मैदान से विशाल पदयात्रा निकालेगी. यह झारखंड की सबसे बड़ी पदयात्रा होगी. इसमें झारखंड के सभी क्षेत्र से महिलाएं अपने अधिकार को लेकर शामिल होंगी. इसके बाद 595 मंडल में कांग्रेस का पुतला दहन किया जायेगा. उक्त बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्य सभा सांसद आदित्य साहू ने पत्रकार सम्मेलन में कही. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अच्छी सोच के साथ देश की माताओं-बहनों व बेटियों को आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक अधिकार देने के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का बिल लोकसभा में लाये, लेकिन कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियों ने इसे गिराकर पाप करने का काम किया. कांग्रेस ने चुनाव में महिला आरक्षण का हमेशा वादा किया, लेकिन इस पर कोई पहल नहीं की. सिर्फ देश की जनता को ठगने का काम किया. जब भाजपा महिला आरक्षण बिल लायी, तो महिलाओं का अधिकार छीनने का काम किया. पीएम मोदी जनता को सुविधा, अधिकार देने का काम कर रहे हैं, इसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही है. श्री साहू ने कहा कि लोकसभा में महिला आरक्षण बिल गिरने से पूरा देश कांग्रेस के विरोध में है. राज्य में कांग्रेस के समर्थन से जेएमएम की सरकार चल रही है. जिसमें मां-बेटियों के साथ अत्याचार और दुष्कर्म की घटना बढ़ी है. विष्णुगढ़ में नाबालिग बच्ची की हत्या मामले को नरबलि का रूप देकर गुमराह करने का काम किया गया. उन्होंने इस घटना की सीबीआइ जांच कराने की मांग की. कोडरमा विधायक नीरा यादव ने कहा कि लोकसभा में पक्ष-विपक्ष लोकतंत्र की सुंदरता हैं. महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष ने लोकसभा में जो भूमिका निभायी है, वह घृणित है. 60 वर्ष में कांग्रेस ने जिस काम को नहीं किया, भाजपा के प्रधानमंत्री की पहल पर वह बिल लाया गया. यह बिल महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक अधिकार देने के लिए है. मौके पर सदर विधायक प्रदीप प्रसाद, जिलाध्यक्ष विवेकानंद सिंह, स्टेट मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, अभिषेक, हरीश श्रीवास्तव, भैया अभिमन्यु प्रसाद समेत अन्य उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




