महिला ने अपनी भाभी के खिलाफ थाना में दिया आवेदन

महिला ने अपनी भाभी के खिलाफ थाना में दिया आवेदन
गुमला. शहर के मुरली बगीचा निवासी मोजेसता देवी ने इलाज के नाम पर लिए गये करीब एक लाख, 20 हजार रुपये वापस नहीं लौटाने का आरोप लगाते हुए अपनी भौजाई के खिलाफ थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगायी है. आवेदन मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है. मोजेसता देवी ने आवेदन में बताया है कि उसके पति की हत्या हो चुकी है. इसके बाद से वह मजदूरी व छोटे-मोटे काम कर किसी तरह अपना भरण-पोषण कर रही है. इस बीच उसका भाई कैंसर से पीड़ित हो गया था. आवेदन के अनुसार भाई ने इलाज के लिए उससे आर्थिक मदद मांगी थी. उसने भरोसा दिलाया था कि रायडीह थाना क्षेत्र के पारासीमा इलाके में स्थित उसकी जमीन का मुआवजा भारतमाला योजना के तहत मिलने के बाद वह पूरी राशि लौटा देगा. भाई की बात पर भरोसा कर मोजेसता देवी ने इलाज के लिए करीब एक लाख, 20 हजार रुपये से अधिक की मदद की और खुद इलाज भी कराया. मोजेसता देवी का आरोप है कि इलाज के दौरान ही उसके भाई की मौत हो गयी. इसके बाद में उसके भाई की पत्नी को जमीन अधिग्रहण के एवज में करीब 50 लाख रुपये मुआवजा मिला. लेकिन बार-बार मांगने के बावजूद उसकी मदद की राशि वापस नहीं की जा रही है. वह मदद लेने की बात से साफ इंकार कर रही है. महिला ने पुलिस से मामले में हस्तक्षेप कर उसकी राशि वापस दिलाने की मांग की है. उसने कहा कि आर्थिक तंगी से उसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी है और उसे पैसों की सख्त जरूरत है. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










