65 डिसमिल भूमि में की गयी अफीम की खेती को किया गया नष्ट

65 डिसमिल भूमि में की गयी अफीम की खेती को किया गया नष्ट
गुमला. घाघरा थाना स्थित आदर पंचायत के सलगी गांव के वन क्षेत्र में अवैध रूप से अफीम की खेती करने का मामला प्रकाश में आया है. उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर प्रशासन व पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की. इस क्रम में अंचलाधिकारी घाघरा सुशील खाखा, थाना प्रभारी मोहन सिंह एवं फॉरेस्टर राम शेखर ने संयुक्त रूप से औचक छापेमारी की गयी. छापेमारी के दौरान यह पाया गया कि वन क्षेत्र अंतर्गत लगभग 65 डिसमिल भूमि पर अवैध रूप से अफीम की खेती की गयी थी. तत्पश्चात संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही उक्त अवैध खेती को नष्ट कर दिया गया. उक्त भूमि वन क्षेत्र के अंतर्गत होने के कारण जिला प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा समन्वय स्थापित करते हुए संयुक्त कार्रवाई के तहत अवैध अफीम की खेती को पूर्णतः डिस्ट्रॉय किया गया. अंचल अधिकारी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जारी है. अवैध खेती में संलिप्त व्यक्ति व व्यक्तियों की पहचान व खोज की जा रही है. जांचोपरांत इसमें शामिल दोषियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के अंतर्गत कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी.
लातेहार के माफिया का हाथ होने का शक
घाघरा में अवैध तरीके से अफीम की खेती के पीछे लातेहार जिले के एक अफीम माफिया के हाथ होने की आशंका व्यक्त की गयी है. हालांकि पुलिस इस संबंध में अभी कुछ नहीं बता रही है. सूत्रों के अनुसार लातेहार जिले का एक व्यक्ति कुछ लोगों से मिल कर घाघरा के सुदूरवर्ती इलाके में अफीम की खेती करा रहा था. पुलिस लातेहार जिले के व्यक्ति की तलाश कर रही है.
24 घंटे में प्रशासन ने की कार्रवाई
अज्ञात व्यक्ति ने गुमला प्रशासन को सलगी इलाके के जंगल से सटे खेत में अफीम की खेती करने की जानकारी दी. इसके बाद प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की. 24 घंटे के अंदर प्रशासन ने सक्रियता दिखाते हुए सलगी गांव पहुंच कर अफीम की फसल को नष्ट कर दिया. साथ ही प्रशासन यह भी पता करने में जुट गया है कि आसपास के किसी इलाके में अफीम की खेती और तो नहीं हो रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




