धान रोपकर जताया विरोध, फिर भी नहीं बनी सड़क; बारिश में दलदल बनता है गांव

विज्ञापन

सड़क का हाल | Prabhat Khabar Network

सिसई के बेरीटोली में तीन महीने से सड़क कीचड़ में तब्दील है. ग्रामीणों ने धान रोपकर विरोध जताया, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई सुध नहीं ली है.

विज्ञापन

सिसई. सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने का दावा करती है, लेकिन सिसई प्रखंड की भुरसो पंचायत के बेरीटोली और पानीलता गांव के ग्रामीण आज भी बदहाल सड़क से परेशान हैं. ग्रामीणों के अनुसार, आजादी के 80 साल बाद भी उन्हें पक्की सड़क तो दूर, चलने लायक बेहतर कच्चा रास्ता भी नहीं मिला है. बारिश शुरू होते ही मुख्य रास्ता कीचड़ और दलदल में बदल गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

यह रास्ता भुरसो पंचायत भवन के पास से जेएमएम के केंद्रीय सदस्य स्तर के नेता शशिकांत साहू के घर होते हुए बेरीटोली-पानीलता के पास मुख्य सड़क से जुड़ता है. ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन महीने से उन्हें इसी कीचड़ भरे रास्ते से आना-जाना पड़ रहा है.

ग्रामीणों के अनुसार, गर्मी में तालाब निर्माण के दौरान निकली मिट्टी सड़क को ठीक करने के नाम पर रास्ते पर डाल दी गयी थी. बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ और दलदल में बदल गयी. सड़क पर कीचड़ और पानी जमा होने से पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी

ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत भवन तक पहुंचना मुश्किल हो गया है. बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है. वहीं, किसी के बीमार पड़ने पर उसे अस्पताल ले जाना भी चुनौती बन गया है.

समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने करीब एक माह पहले इसी कीचड़ भरे रास्ते में धान रोपकर विरोध जताया था. इसके जरिये स्थानीय नेताओं और सांसद का ध्यान भी समस्या की ओर दिलाने की कोशिश की गयी, लेकिन अब तक कोई पहल नहीं हुई.

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में कई बड़े स्थानीय नेता रहते हैं, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है. उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने और आवागमन को सुगम बनाने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola