पालकोट में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने पेश की आकर्षक झांकी
कार्यक्रम में अतिथि | Prabhat Khabar Network
पालकोट में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया. कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्तिपूर्ण झांकियां प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया.
पालकोट (गुमला): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पालकोट प्रखंड में आजादी का 80वां वर्ष पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. प्रखंड सह अंचल कार्यालय, थाना, सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में भी शान से तिरंगा फहराया गया. इस दौरान जगह-जगह रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए और विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत झांकियां प्रस्तुत कीं.
कस्तूरबा विद्यालय में बीडीओ ने किया ध्वजारोहण
प्रखंड के बघिमा गांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय उरांव ने ध्वजारोहण किया. इसके बाद उन्होंने उपस्थित छात्राओं, अभिभावकों और आम लोगों को संबोधित किया. कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया.
ये भी पढ़ें- गुमला में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घर में घुसी, बाल-बाल बचे लोग; चालक मौके से फरार
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
बीडीओ विजय उरांव ने कहा कि आज हम स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं. आज से 80 वर्ष पूर्व हमारा देश अंग्रेजी हुकूमत का गुलाम था. लंबे संघर्ष और अनेक यातनाओं के बाद 15 अगस्त 1947 को देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी मिली. स्वतंत्रता संग्राम में देश के अनेक नागरिकों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया और कई वीरों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति दी.
देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का आह्वान
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्श, संघर्ष और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता. उनके त्याग से ही आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं. उन्होंने लोगों से देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए सदैव अपने कर्तव्यों का पालन करने का आह्वान किया.
छात्राओं की देशभक्ति झांकी ने मोहा मन
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने देशभक्ति पर आधारित आकर्षक झांकी प्रस्तुत की. छात्राओं की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों और नारों से पूरा परिसर गूंजता रहा. कार्यक्रम में प्रखंड के गणमान्य नागरिक, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित रहे. स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पूरे प्रखंड में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना रहा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दुर्जय पासवान
दुर्जय पासवान ने वर्ष 2001 से पत्रकारिता की शुरुआत की. दैनिक जागरण में दो साल काम करने के बाद 2003 में वे प्रभात खबर से जुड़े. इसके साथ ही नयी दुनिया अखबार, प्रहार मैगजीन में भी अपनी सेवा दी. इसके बाद 2010 में वे दैनिक भास्कर गुमला का ब्यूरो इंचार्ज के रूप में काम शुरू किये. भास्कर में पांच साल सेवा देने के बाद दोबारा 2014 में प्रभात खबर में ब्यूरो इंचार्ज के रूप में वापसी की. तब से अबतक प्रभात खबर से जुड़े हुए हैं. उन्होंने नक्सलियों से जुड़ी खबरें, नक्सली घटनाएं, ग्राउंड रिपोर्ट, प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों की खोज से संबंधित खबरों पर अच्छा काम किया. इन्हीं खबरों ने उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में पहचान दी. दुर्जय पासवान बहुत लगन से अपना सभी काम का पूरा करते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










