सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे के बाद सड़क किनारे पड़ी बाइक
गुमला के बसिया में एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें बाइक सवार तीन युवकों की जान चली गई. तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होने से यह हादसा हुआ, जिसने इलाके में शोक की लहर दौड़ा दी है.
गुमलाः बसिया थाना क्षेत्र के तेतरा गांव के समीप कोनबीर-पालकोट मुख्य पथ पर शनिवार शाम करीब 7:30 बजे हुए सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गयी. हादसा बाइक के तेज रफ्तार में होने और तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से टकराने के कारण हुआ.
एक बाइक पर सवार थे तीन युवक
मिली जानकारी के अनुसार भागीडेरा निवासी टिंकू सिंह (16), पिता सुदर्शन सिंह, सरईडीह निवासी सिंसोंन किंडो (18), पिता बुधवा सिंह और गुड़ाम नवाटोली निवासी दीपक कच्छप (18), पिता विजय कच्छप एक ही बाइक पर सवार होकर कोनबीर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान तेतरा गांव के समीप तीखे मोड़ पर बाइक अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क किनारे खेत में जा गिरे.
ये भी पढ़ें- गुमला में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो घर में घुसी, बाल-बाल बचे लोग; चालक मौके से फरार
दो युवकों की मौके पर मौत, तीसरे ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में सिंसोंन किंडो और दीपक कच्छप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टिंकू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल टिंकू को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद टिंकू की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. वहां इलाज के दौरान रविवार सुबह टिंकू सिंह ने भी दम तोड़ दिया.
पुलिस ने दोनों वाहनों को किया जब्त
घटना की सूचना मिलने पर बसिया पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर थाना ले आई है. एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर से उनके परिवारों में मातम पसर गया. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










