गुमला में ‘ब्लैक मंडे’: 2 घंटे के भीतर तीन सड़क हादसों में चार की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

Updated:
विज्ञापन

मृतक के परिजन गुमला अस्पताल में

Gumla Road Accident: गुमला में सोमवार की रात हादसों की रात साबित हुई. अलग-अलग क्षेत्रों में हुई तीन भीषण दुर्घटनाओं में चार लोगों ने अपनी जान गंवा दी. कहीं तेज रफ्तार बोलेरो ने युवक को रौंदा, तो कहीं टेंपो की टक्कर ने दो दोस्तों की जान ले ली.

विज्ञापन

गुमला, (दुर्जय पासवान की रिपोर्ट): गुमला जिले में सोमवार की रात सड़क हादसों ने ऐसा कहर बरपाया कि महज दो घंटे के भीतर चार लोगों की असामयिक मौत हो गई. इन लगातार हो रही घटनाओं ने जिला परिवहन विभाग और सड़क सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पहली घटना रात करीब 9:00 बजे शहर के पालकोट रोड स्थित सरनाटोली में हुई. यहां 28 वर्षीय पंचु खड़िया सड़क किनारे टहल रहे थे, तभी एक अनियंत्रित बोलेरो ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अस्पताल ले जाने के दौरान ही पंचु ने दम तोड़ दिया, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

टेंपो की टक्कर से दो दोस्तों की मौत

गुमला जिले में हादसों का सिलसिला यहीं नहीं रुका. दूसरी बड़ी घटना रात करीब 9:30 बजे तेलीपाड़ा के समीप हुई. सेमराडीह निवासी 26 वर्षीय मनोज कुजूर अपने साथी रोहित मांझी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार टेंपो ने उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी. इस जबरदस्त भिड़ंत में दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. एक साथ दो युवकों की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया. दुर्घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

Also Read: झारखंड पेपर लीक मामला: BJP ने राज्यपाल से की मुलाकात, उत्पाद सिपाही परीक्षा की CBI जांच की मांग

डिवाइडर से टकराई बाइक और बुझ गया चिराग

इससे पहले, रात करीब 7:00 बजे रांची-गुमला मुख्य मार्ग पर खोरा गांव के पास तीसरी दुर्घटना हुई. यहां एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई. इस हादसे में बाइक सवार बुधु उरांव की मौके पर ही जान चली गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक की रफ्तार इतनी अधिक थी कि बुधु को संभलने का मौका ही नहीं मिला. मंगलवार को गुमला सदर अस्पताल में चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शवों को परिजनों के हवाले कर दिया गया.

सड़क सुरक्षा पर उठते सवाल

इन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर तेज रफ्तार वाहनों और अनियंत्रित ड्राइविंग पर पुलिस का कोई नियंत्रण नहीं है. लगातार हो रहे इन हादसों के बाद अब स्थानीय लोग प्रशासन से सड़कों पर स्पीड ब्रेकर बनाने और रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल, पुलिस ने फरार वाहनों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है, लेकिन इन हादसों ने जिले में सड़क सुरक्षा की जमीनी हकीकत को उजागर कर दिया है.

Also Read: रामगढ़ पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: राहुल दुबे गैंग के दो शार्प शूटर गिरफ्तार, बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी योजना

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola