किसानों के सहयोग से खोजे जायेंगे व्यावहारिक समाधान : डीसी

संवाद कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 80 उन्नत व प्रगतिशील किसान हुए शामिल
गुमला. समाहरणालय सभागार चंदाली गुमला में शनिवार को संवाद कार्यक्रम हुआ. इसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 80 उन्नत एवं प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने किसानों से सीधा संवाद किया. उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाएं धरातल तक पहुंच रही हैं, लेकिन कई बार किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता. ऐसे में जिला प्रशासन किसानों के सहयोग से व्यावहारिक समाधान की दिशा में कार्य करेगा. संवाद के दौरान किसानों ने सिंचाई की समस्या को प्रमुखता से उठाया. किसानों ने बताया कि गुमला प्रखंड अंतर्गत कतरी पंचायत स्थित कतरी जलाशय, जो जिले का सबसे बड़ा जलाशय है का लाभ सभी किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है. नहर कोटाम तक बनी है, जबकि बड़ी नहर खोरी तक गयी है, लेकिन पानी पंसो तक ही पहुंच पाता है. किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने जिले की सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत अध्ययन कराने तथा अन्य जिलों के सफल मॉडल को अपनाने का निर्देश दिया. उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी एवं जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी को इस दिशा में ठोस और कार्यान्वयन योग्य कार्य योजना तैयार करने को कहा. बैठक में एक किसान ने बताया कि वे सात एकड़ भूमि में ड्रिप सिंचाई पद्धति से तरबूज की खेती कर रहे हैं और ई-नाम मंडी के माध्यम से बेहतर बाजार व मूल्य प्राप्त करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें इसकी पूरी जानकारी नहीं है. इस पर उपायुक्त ने जिले में ई-नाम की उपयोगिता बढ़ाने पर चर्चा की. भूमि संरक्षण पदाधिकारी आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि तरबूज की खेती को बढ़ावा देने के लिए एक सर्वे तैयार किया जा रहा है, जिसे एटीएम व बीटीएम के माध्यम से प्रत्येक प्रखंड के किसानों तक पहुंचाया जायेगा. इसके अलावा किसानों को समय पर मौसम की जानकारी उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई. भूमि संरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि सभी प्रगतिशील किसानों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बना कर प्रतिदिन मौसम पूर्वानुमान की जानकारी साझा की जायेगी. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि संबंधित पदाधिकारी किसानों के निरंतर संपर्क में रहें, ताकि मौसम आधारित खेती को बढ़ावा मिल सके. बैठक में कृषि से जुड़े अन्य विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया. कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी शुभम प्रिया तीयू, भूमि संरक्षण पदाधिकारी आशीष प्रताप, जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ अरुण कुमार सिंह, जिला मत्स्य पदाधिकारी कुसुमलता समेत विभिन्न प्रखंडों के एटीएम-बीटीएम व किसान उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




