नशीली दवाओं की खेप पकड़ायी, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 08 Feb 2026 10:09 PM
नशीली दवाओं की खेप पकड़ायी, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक फरार
गुमला. गुमला पुलिस ने रविवार की सुबह गुप्त सूचना पर नशे के तीन धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में इम्तियाज अंसारी (25 वर्ष), आरिफ राय (26 वर्ष) और संतानु केवट (21 वर्ष) शामिल हैं. जबकि एक आरोपी गुफरान अंसारी भाग गया. गिरफ्तार युवकों के पास से नशीले पदार्थ बरामद हुआ है. छापेमारी में पुलिस ने लाल रंग की ऑल्टो कार से नशीली दवाएं और सिरप बरामद किया है. गुमला थाना प्रभारी महेंद्र करमाली ने प्रेसवार्ता कर बताया कि रविवार की अहले सुबह करीब चार बजे गुमला थाना अंतर्गत टोटो बीट में पदस्थापित पुअनि कुंदन कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली कि एक लाल रंग की ऑल्टो कार (जेएच-01सीबी-0314) में सवार होकर 3-4 युवक नशीली दवाओं की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से रांची-गुमला मार्ग होते हुए कोटाम की ओर जा रहे हैं. सूचना से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया. इसके बाद एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस दल ने सुबह करीब पांच बजे खरका से कोटाम जाने वाली पक्की सड़क पर वाहन जांच शुरू की. इस दौरान संदिग्ध ऑल्टो कार को आते देख पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देख कर कार सवार भागने लगे, जिनमें से तीनों को दौड़ा कर पकड़ लिया गया, जबकि एक आरोपी फरार हो गया. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के तहत कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी ली. कार की तलाशी के दौरान बीच वाली सीट से एक नीले रंग का बैग बरामद हुआ, जिसमें बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं और सिरप मिले. बरामद सामग्री में विन्स्पेसमोल फोर्ट कैप्सूल (1216 कैप्सूल), निटराजेपम टैबलेट (350 टैबलेट), ओनरेक्स सिरप की छह बोतलें तथा 400 रुपये नकद शामिल हैं. आरोपियों के पास से किसी प्रकार का वैध दस्तावेज या औषधि अनुज्ञप्ति नहीं पायी गयी. औषधि निरीक्षक पूनम तिर्की द्वारा जांच में पुष्टि की गयी कि बरामद दवाएं ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के तहत प्रतिबंधित श्रेणी की हैं और इनका अवैध भंडारण व व्यापार दंडनीय अपराध है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










