हाथी के हमले में भाजपा नेता की जान गई, सतर्क करते-करते खुद बने शिकार
Published by : Sweta Vaidya Updated At : 10 Apr 2026 3:08 PM
अनूप कुमार पांडे फाइल फोटो
Gumla News: गुमला जिला से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. हाथी के हमले में भाजपा नेता अनूप कुमार पांडे की दर्दनाक मौत हो गई. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.
गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट
Gumla News: झारखंड के गुमला जिला अंतर्गत घाघरा थाना के बुरहु ग्राम निवासी 32 वर्षीय अनूप कुमार पांडे को हाथी ने कुचलकर मार डाला. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है.
काम पर जाते वक्त हाथी से हुआ सामना
जानकारी के अनुसार अनूप बुरहु गांव में स्थित पावर ग्रिड पीएसएस ऑपरेटर का काम करता था. शुक्रवार की सुबह वह काम पर जा रहा था. इसी दौरान बुरहु पतरा के पास लोगों की भीड़ देखा तो अनूप भी वहां चला गया जाने के बाद पता चला कि जंगली हाथी पतरा में है.
लोगों को किया सतर्क, खुद बने शिकार
अनूप ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से पूरे इलाके को जानकारी दिया कि पतरा में जंगली हाथी आया है, कोई भी इधर ना आए. अगर आते भी तो पूरी सतर्कता के साथ आए. जिसके बाद अनूप के साथ में और दो लोग पतरा के अंदर थोड़ी दूर घुसे. इतने में हाथी दौड़ाने लगा. अनूप के साथ में गए दो युवक दूसरे रास्ते से भाग कर अपनी जान बचाया वहीं, अनूप हाथी के चपेट में आ गया.
नहीं लौटने पर किया फोन
काफी देर के बाद भी जब अनूप पतरा से बाहर नहीं आया तब उसके मोबाइल पर लोगों ने फोन किया तो उसने फोन भी नहीं उठाया. लोगों को अंदेशा होने लगा कि अनूप के साथ कुछ अनहोनी हो गई है. जिसके बाद हिम्मत करके कुछ लोग पतरा के अंदर घुसे तो देखा कि अनूप खून से लतपत मृत पड़ा है. जिसके बाद उसे उठाकर पतरा से बाहर निकाला गया और घटना की जानकारी घाघरा थाना फॉरेस्ट विभाग सहित कई जगहों पर दी गई. घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ो की संख्या में लोग घटनास्थल पहुंच गए.
प्रशासन और वन विभाग मौके पर पहुंचा
थानेदार मोहन कुमार सिंह, रेंजर बिरसा लोहरा, फॉरेस्टर समी आफताब, प्रधान वनरक्षी सुनील राम और पीटर बाडा़ सहित कई लोग घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेज दिया है. रेंजर बिरसा लोहरा ने कहा घटना काफी दुखदाई है. मृतक के परिवार को तत्काल सहयोग के तौर पर 25 हजार दिया जा रहा है बाकी मुआवजा की राशि कागजी प्रक्रिया के बाद दिया जाएगा. मुआवजा के लिए भी परिजनों का पूरा सहयोग वन विभाग की टीम करेगी.
भाजपा से जुड़े थे अनूप पांडे
अनूप पूर्व भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के महामंत्री रह चुके हैं. वर्तमान में बीते 6 अप्रैल को घाघरा मंडल से नए पदाधिकारी की सूची अनुशंसा कर जिला भेजी गई, जिसमें अनूप कुमार पांडे को मंडल महामंत्री के तौर पर अनुशंसा कर भेजा गया. वह भाजपा के लिए पूरी ईमानदारी और सक्रिय रूप से पूरे इलाके में काम करते थे.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पूरे परिवार के लिए सिर्फ अनूप ही सहारा था. बूढ़े माता-पिता के साथ-साथ एक छोटा भाई दो बहन है. जिसमें से एक बहन की शादी उसने किया था. सभी का रो रो कर बुरा हाल है. गांव के लोगों के आंखों में आंसू है. सभी का कहना है कि हर सामाजिक काम से लेकर हर चीज में अनूप पूरे गांव का मदद करता था.
भाजपा कार्यकर्ताओं ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही भाजपा कार्यकर्ता बिपिन बिहारी सिंह, रमेश गुप्ता, श्यामकिशोर पाठक, किशोर जायसवाल, अमित ठाकुर सहित अन्य लोग घटनास्थल पहुंचे. अनूप के शव को देखते ही आंखों में आंसू आने लगे. कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह भाजपा ही नहीं पूरे इलाके के लिए अपूरणीय क्षति है. इसकी भरपाई हम सभी मिलकर भी नहीं कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: सरायकेला में मनरेगा कर्मियों का हड़ताल जारी, 9-10 अप्रैल को ग्रामीण विकास मंत्री आवास घेराव का ऐलान
यह भी पढ़ें: झारखंड में 2034 पदों पर हाईस्कूल शिक्षकों की नियुक्ति नहीं, 6 महीने पहले हाईकोर्ट ने दिया था आदेश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sweta Vaidya
श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर कार्यरत हैं. कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. पिछले करीब दो महीनों से वे झारखंड बीट पर सक्रिय रूप से काम कर रही हैं. इस दौरान वे राज्य से जुड़ी ताजा खबरों, लोगों से जुड़े मुद्दे और जरूरी जानकारियों पर आधारित स्टोरीज तैयार कर रही हैं. इससे पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर रोचक और उपयोगी आर्टिकल लिखे. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










