बाइक पार्किंग के विवाद में गुमला में मारपीट, पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी का आरोप
8 गुम 22 में घायल इलाजरत | Prabhat Khabar Network
गुमला के पालकोट रोड पर बाइक पार्किंग को लेकर युवक के साथ मारपीट और पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।
झारखंड के गुमला के पालकोट रोड पर बाइक खड़ी करने को लेकर हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. पीड़ित युवक ने कुछ लोगों पर पिस्टल दिखाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
सामान की खरीदारी करते वक्त मारपीट
पुलिस में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, उर्मी डुमरडीह निवासी पीड़ित संदीप बखला (35 वर्ष) ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि सात अगस्त 2026 की सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच वह पालकोट रोड में सड़क किनारे मोटरसाइकिल खड़ी कर सामान खरीदने गया था. इसी दौरान (जेएच-01-2048) नंबर की एक काले रंग की चार पहिया गाड़ी वहां पहुंची और गाड़ी में सवार लोगों ने बाइक हटाने को कहा. संदीप के अनुसार, जब वह बाइक हटाने लगा, तभी वाहन सवार लोगों के साथ उसकी बहस शुरू हो गयी. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाड़ी से उतरे बांगे गोप और विक्रम गोप उर्फ प्रेम गोप ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.
दोस्त के पहुंचने तक मारपीट जारी
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों में से एक ने पिस्टल निकालकर उसे दिखायी और जान से मारने की धमकी दी. हमले में सड़क पर गिरने के बाद भी जब संदीप के दोस्त मौके पर पहुंचे. तब भी आरोपियों ने उसके साथ मारपीट जारी रखी. इस दौरान उसके सिर पर किसी भारी चीज से जोरदार वार किया गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला में भर्ती कराया गया.
घटना के बाद भी जान से मारने की दी धमकी
संदीप ने पुलिस को यह भी जानकारी दी है कि घटना के बाद विक्रम के माता-पिता ने भी उसकी पत्नी के सामने उसे जान से मारने की धमकी दी. पीड़ित ने आरोपियों से अपनी और परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट का आदेश, बच्चों की कस्टडी पर लागू रहेगी कलकत्ता हाईकोर्ट की गाइडलाइन
शिकायत के आधार पर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं विशेष रूप से पिस्टल दिखाने और मारपीट के आरोपों की सत्यता की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में दिखेगा जादूगर गोगिया सरकार का जादू, 13 अगस्त से टाउन हॉल में होगा शो
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए