गुमला में बंद ईंट भट्ठे के पास दिखा चार भालुओं का झुंड, ग्रामीणों में दहशत
ईंट भट्ठा के आसपास घूम रहा चार भालुओं का झुंड
चार भालुओं का झुंड ईंट भट्ठा के पास देखा गया, जिससे स्थानीय लोगों में भय फैल गया है. वन विभाग सत्यापन कर रहा है और ग्रामीणों को सावधानी बरतने की अपील की गई है.
जगरनाथ पासवान की रिपोर्ट
गुमला. शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर खोरा से कुसुमटोली जाने वाले रास्ते में दिलीप ईंट भट्ठा के आसपास चार भालुओं का झुंड देखे जाने से इलाके में डर का माहौल है. झुंड में दो बड़े और दो छोटे भालू बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों बड़े भालू नर-मादा हैं, जबकि छोटे भालू उनके बच्चे हैं.
5-6 महीने पहले भी भालुओं को देखा गया था
वर्षों से बंद पड़े ईंट भट्ठे के आसपास करीब पांच-छह महीने पहले भी दोनों बड़े भालुओं को देखा गया था. उस समय उनके साथ बच्चे नहीं थे. सोमवार की रात चारों भालुओं को एक साथ भट्ठे के आसपास देखा गया. स्थानीय लोगों का अनुमान है कि मादा भालू ने बच्चों को जन्म देने के लिए बंद पड़े ईंट भट्ठे को सुरक्षित स्थान के रूप में चुना होगा.
ग्रामीण ने खींची भालुओं की तस्वीर
सोमवार की रात चारों भालू भट्ठे से बाहर निकले, तो पास रहने वाले सुभाष नामक व्यक्ति की नजर उन पर पड़ी. उन्होंने किसी तरह भालुओं की तस्वीर खींची. क्षेत्र के एक समाजसेवी ने यह तस्वीर समाचार के लिए उपलब्ध करायी, ताकि आसपास के लोगों को भालुओं की मौजूदगी की जानकारी मिल सके और वे सतर्क रहें.
ये भी पढ़ें: भरनो में करम पर्व की धूम, मांदर की थाप पर सरना स्थल पहुंचे ग्रामीण
20-25 घरों में रहता है परिवार
ईंट भट्ठे के आसपास करीब 20-25 घर हैं, जहां परिवार रहते हैं. एक साथ चार भालुओं के दिखाई देने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने जानमाल के नुकसान की आशंका जतायी है. समाजसेवी मनमोहन सिंह ने वन विभाग से भालुओं को सुरक्षित तरीके से जंगल में पुनर्वासित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि भालुओं की मौजूदगी से क्षेत्र के लोग डरे हुए हैं. समय रहते उन्हें जंगल की ओर नहीं भेजा गया तो जानमाल के नुकसान की आशंका बनी रह सकती है.
ये भी पढ़ें: हिंडाल्को के खिलाफ आंदोलन के बीच मना करम पर्व, सड़क की मांग पर डटे ग्रामीण, आंदोलन स्थल पर गाड़ा करम डाली
वन विभाग करायेगा सत्यापन
मामले में डीएफओ अहमद बेलाल अनवर ने कहा कि वन विभाग की टीम को क्षेत्र में भेजकर भालुओं की मौजूदगी का सत्यापन कराया जायेगा. यदि भालू वहां पाए जाते हैं, तो उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने की कार्रवाई की जायेगी. डीएफओ ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और भालुओं के करीब नहीं जाने या उन्हें किसी तरह छेड़ने से बचने की अपील की है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए