दिव्यांगों की ट्राइसाइकिल की बैटरियां चोरी, मामला दर्ज

दिव्यांगों की ट्राइसाइकिल की बैटरियां चोरी, मामला दर्ज
गुमला. गुमला में अब चोरों के निशाने पर आमलोगों के घर व दुकान ही नहीं, बल्कि सरकारी कार्यालय परिसर भी आ गये हैं. ताजा मामला समाहरणालय परिसर से जुड़ा है, जहां दिव्यांगों के लिए रखी गयी मोटराइज्ड ट्राइसाइकिलों की बैटरियां चोरी हो गयीं. हैरानी की बात यह है कि घटना सरकारी भवन परिसर में हुई. लेकिन अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. इस मामले को लेकर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी ने गुमला थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार दिव्यांगों को वितरण के लिए 58 मोटराइज्ड बैटरी ट्राइसाइकिल खरीदी गयी थीं, जिन्हें 18 अगस्त 2025 से पुराने समाहरणालय भवन- 02 में सदर प्रखंड कार्यालय के सामने स्थित कमरे में रखा गया था. बताया गया कि आठ मई 2026 को करीब 11.50 बजे वन स्टॉप सेंटर गुमला में कार्यरत आइटी वर्कर मोहम्मद साजिद ने देखा कि वहां रखी गयी आठ ट्राइसाइकिलों में से पांच की बैटरियां गायब हैं. इसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गयी. सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर समाहरणालय जैसे संवेदनशील सरकारी परिसर में चोर इतनी आसानी से कैसे घुस गये और बैटरियां चोरी कर फरार हो गये. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










