पोड़ैयाहाट में जमीन विवाद को लेकर किशोर से मारपीट, जांच में जुटी पुलिस
झारखंड के पोड़ैयाहाट में जमीन विवाद के चलते 15 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गोड्डा: पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव में पुराने भूमि विवाद को लेकर 15 वर्षीय किशोर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. घायल किशोर की पहचान गौतम यादव (15 वर्ष), पिता शंकर यादव, निवासी चिरुडीह के रूप में हुई है. उसे इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोड़ैयाहाट में भर्ती कराया गया है.
परिजनों का आरोप है कि परिवार के गोतिया पक्ष के साथ लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. उनका कहना है कि उन्हें बराबर हिस्सेदारी नहीं देकर केवल 25 प्रतिशत जमीन देने का दबाव बनाया जा रहा है. इसी विवाद को लेकर पूर्व में भी धमकी और मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं.
परिजनों के अनुसार, करीब एक माह पूर्व इस मामले में पोड़ैयाहाट थाना में लिखित शिकायत भी दी गयी थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन आरोपियों के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनका मनोबल बढ़ गया. परिजनों ने वीरेंद्र यादव, जनार्दन यादव, समर यादव, चाणकी यादव, बड़ा पवन यादव तथा छोटा पवन यादव, सभी निवासी चिरुडीह, पर लगातार प्रताड़ित करने और हमला करने का आरोप लगाया है.
ये भी पढ़ें- Jharkhand Students Protest Live: JPSC-JSSC विवाद पर सुदिव्य सोनू का बयान, बोले- वार्ता सिर्फ छात्रों से होगी
स्कूल से लौटते समय हमला करने का आरोप
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को गौतम यादव स्कूल से घर लौट रहा था. इसी दौरान आरोपियों ने उसे अकेला पाकर कथित रूप से झाड़ियों की ओर ले जाकर मारपीट की. आरोप है कि इस दौरान किशोर के कपड़े फाड़ दिए गए तथा बेल्ट से हमला कर उसे घायल कर दिया गया, जिससे उसके शरीर पर कई चोट के निशान हैं.
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पोड़ैयाहाट में भर्ती कराया. जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है. मामले को लेकर पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान प्राप्त नहीं हो सका था.
मामले में क्या कहते हैं थाना प्रभारी
थाना प्रभारी महावीर पंडित ने बताया कि यह मामला भूमि विवाद से संबंधित है. पूर्व में प्राप्त आवेदन के आधार पर दोनों पक्षों के विरुद्ध दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 107 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गयी थी. किशोर के साथ मारपीट की ताजा घटना के संबंध में परिजनों से आवेदन प्राप्त हुआ है. आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. जांच में दोषी पाये जाने वाले सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- Godda Weather: अगस्त की झमाझम बारिश से गोड्डा में टूटा पिछले साल का रिकॉर्ड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










