ठेका मजदूरों ने वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन का दिया अल्टीमेटम
Published by : SANJEET KUMAR Updated At : 27 Feb 2026 11:12 PM
ठेका मजदूरों ने वेतन नहीं मिलने पर आंदोलन का दिया अल्टीमेटम
राजमहल कोल परियोजना के ऊर्जा नगर स्थित राजमहल हाउस में कार्यरत 26 ठेका मजदूरों ने पिछले चार महीने से वेतन का भुगतान न होने को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है. मजदूरों का कहना है कि वे कई वर्षों से राजमहल हाउस में कार्यरत हैं और यहां आने वाले अतिथियों का स्वागत एवं खान-पान का प्रबंधन उनका ही काम होता है. इसके बावजूद परियोजना प्रबंधन द्वारा चार महीने से उनका वेतन नहीं दिया गया, जिसके कारण मजदूरों के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. मजदूरों ने इस बात का भी जिक्र किया कि होली का पर्व आने वाला है, लेकिन वेतन न मिलने के कारण उनका होली का रंग पूरी तरह से फीका हो चुका है. मजदूरों की मांग को समर्थन देते हुए एटक यूनियन के एरिया सचिव रामजी साह ने कहा कि मजदूर अत्यधिक परेशान हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 28 फरवरी तक मजदूरों का वेतन भुगतान नहीं किया जाता, तो 1 मार्च से सभी ठेका मजदूर हड़ताल पर रहेंगे. इस स्थिति में राजमहल हाउस का समस्त कार्य ठप हो जाएगा और इसके लिए पूरी तरह से प्रबंधन जिम्मेदार होगा. मजदूरों ने अपनी वेतन की बकाया राशि की शीघ्र अदायगी की मांग की है और चेतावनी दी है कि अगर उनकी बात नहीं मानी जाती है, तो वे कड़े कदम उठाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










