गिरिडीह में महिला से लाखों के जेवर की ठगी, खुद को पुलिस बताकर उतरवाये गहने; CCTV में दिखे आरोपी

Updated:
विज्ञापन

सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गिरिडीह में खुद को पुलिसकर्मी बताकर बाइक सवार चार अपराधियों ने एक महिला से साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात लूट लिए. यह पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

गिरिडीह. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिहोडीह में बाइक सवार चार अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक महिला से करीब साढ़े तीन लाख रुपये के सोने के जेवरात ठग लिये. घटना के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस जांच में जुट गयी है.

विज्ञापन

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं, जिसमें संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं. फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.

सीसीटीवी फुटेज खंगालती पुलिस व सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना | Prabhat Khabar Network
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

पीड़िता सीमा देवी सिहोडीह की रहने वाली हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि सोमवार को वह घर से पूजा का सामान खरीदने के लिए पास की दुकान जा रही थीं.

इसी दौरान बाइक सवार चार लोगों ने उनका पीछा करना शुरू किया. आरोपियों ने उन्हें आवाज देकर रोकने का प्रयास किया. आवाज नहीं सुनने पर एक व्यक्ति उनके पास पहुंचा और उन्हें अपने साथियों के पास ले गया.

सुरक्षा का हवाला देकर उतरवाये जेवर

महिला के अनुसार, आरोपियों ने खुद को मुफस्सिल थाना का पुलिसकर्मी बताया. उन्होंने कहा कि इलाके में मारपीट और छिनतई की घटना हुई है और ऐसे में महिला सोने के जेवर पहनकर क्यों घूम रही हैं.

ये भी पढ़ें: बेंगाबाद बाजार में मनमाने सफाई शुल्क के विरोध में दुकानदार एकजुट, 50 रुपये मासिक देने का फैसला

इसके बाद आरोपियों ने सुरक्षा का हवाला देते हुए महिला से सोने के जेवर उतारकर सुरक्षित रखने को कहा. उनकी बातों में आकर महिला ने अपने जेवर उतारकर आरोपियों को दे दिये.

आरोपियों ने जेवरात को कागज में लपेटने का नाटक किया. इसी दौरान महिला का ध्यान दूसरी ओर होने पर उन्होंने कथित तौर पर असली जेवरात वाली पुड़िया बदल दी और दूसरी पुड़िया महिला को थमा दी. इसके बाद चारों बाइक से मौके से फरार हो गये.

पुड़िया खोलने पर हुआ ठगी का एहसास

कुछ देर बाद महिला ने जब पुड़िया खोलकर देखी तो उसमें सोने के जेवरात नहीं थे. इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ. पीड़िता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी.

सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की. पुलिस को कई स्थानों के फुटेज मिले हैं, जिनमें संदिग्धों की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं.

CCTV फुटेज के आधार पर हो रही पहचान : थाना प्रभारी

मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले हैं. फुटेज में आरोपियों द्वारा महिला को झांसे में लेकर जेवरात ठगने की गतिविधियां कैद हुई हैं. फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है.

ये भी पढ़ें: गणपति बप्पा मोरया के जयघोष से गूंजा डुमरी, जामतारा में नौवीं और हेठटोला में 14वीं बार हुई गणपति पूजा

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है. जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola