एक हादसे में उठीं चार अर्थियां, पति-पत्नी और दो मासूम बेटों की मौत से गांव में मातम
शव पहुंचते ही मचा कोहराम
निमियाघाट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. ट्रक की चपेट में आने से पति, पत्नी और उनके दो मासूम बेटों की जान चली गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गिरिडीह. रविवार की रात निमियाघाट के पास हुए सड़क हादसे ने परसाटांड़ गांव के एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. ट्रक की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी.
मृतकों में देवेंद्र महतो, उनकी पत्नी सोनी देवी और दोनों पुत्र चीकू कुमार व डुग्गू कुमार शामिल हैं. हादसे में देवेंद्र महतो और तीन वर्षीय चीकू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रूप से घायल सोनी देवी और डुग्गू कुमार ने धनबाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

चार शव गांव पहुंचा तो मचा कोहराम
सोमवार को जब चारों के शव पैतृक गांव परसाटांड़ पहुंचे तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. मृतक की तीन बहनों में से दो घटना की जानकारी मिलते ही घर पहुंचीं. भाई, भाभी और दोनों भतीजों के शव देखकर वे भी खुद को संभाल नहीं सकीं.
ये भी पढ़ें: सदर अस्पताल में खून देने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप, दूसरे व्यक्ति के नाम पर रक्त उपलब्ध कराने की शिकायत
मृतक की मां सुभद्रा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. जवान बेटे, बहू और दोनों नातियों को खोने के बाद वह बार-बार बेसुध हो जा रही थीं. परिजनों का करुण क्रंदन देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गयीं. एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है.
गोमो से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
बताया जाता है कि चैनपुर पंचायत के परसाटांड़ निवासी देवेंद्र महतो अपनी पत्नी सोनी देवी और दोनों पुत्रों के साथ बाइक से गोमो की ओर से घर लौट रहे थे. इसी दौरान निमियाघाट के समीप उनकी बाइक आगे चल रहे ट्रक से टकरा गयी.
टक्कर में देवेंद्र महतो और उनके तीन वर्षीय पुत्र चीकू कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. वहीं सोनी देवी और डुग्गू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को निमियाघाट स्थित एसआर महावीर अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए दोनों को धनबाद रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
विधायक जयराम महतो ने परिजनों को दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो परसाटांड़ गांव पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की. उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में परिवार अकेला नहीं है. उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिया.
आजसू नेत्री यशोदा देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य जीवाधन महतो, आजसू नेता छक्कन महतो और पूर्व मुखिया राजू महतो ने भी परिजनों से मिलकर सांत्वना दी. झामुमो नेता राजकुमार महतो भी घटना के बाद मौके पर पहुंचे थे. उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने के साथ आर्थिक मदद भी की थी.
प्रशासन ने सरकारी सहायता का दिया भरोसा
घटना की जानकारी मिलने के बाद डुमरी एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि हादसे से प्रभावित परिवार को सरकारी प्रावधान के तहत मिलने वाले लाभ उपलब्ध कराये जाएंगे. प्रशासन की ओर से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर परिवार को नियमानुसार सहायता दी जाएगी.
ये भी पढ़ें: गिरिडीह में महिला से लाखों के जेवर की ठगी, खुद को पुलिस बताकर उतरवाये गहने; CCTV में दिखे आरोपी
एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से परसाटांड़ गांव सदमे में है. परिवार के बुजुर्ग माता-पिता और तीन बहनों के लिए यह हादसा गहरा आघात बन गया है. गांव में चार मौतों के बाद मातम पसरा हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए