DAE New DG: धनबाद-गिरिडीह के पूर्व एसपी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, परमाणु ऊर्जा विभाग में बने डीजी

Updated:
विज्ञापन

संजय आनंद लाठकर, आईपीएस अधिकारी, झारखंड कैडर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय ए लाठकर को परमाणु ऊर्जा विभाग में महानिदेशक (डीजी) स्तर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. कैबिनेट नियुक्ति समिति की मंजूरी के बाद उनकी नई भूमिका तय हुई है.

विज्ञापन

गिरिडीह. भारत सरकार ने झारखंड कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी संजय ए लाठकर को परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) में महानिदेशक (डीजी) स्तर की जिम्मेदारी सौंपी है. कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) की मंजूरी के बाद कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है. नई जिम्मेदारी के तहत वे परमाणु ऊर्जा विभाग की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों का नेतृत्व करेंगे.

विज्ञापन

संजय ए लाठकर झारखंड कैडर के 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. राज्य में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर सेवाएं दी हैं. वे धनबाद और गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रह चुके हैं. इसके अलावा झारखंड पुलिस मुख्यालय में आईजी अभियान और एडीजी अभियान जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.

ये भी पढ़ें: देश में पहली बार झारखंड में गंभीर बीमारियों का एकीकृत मॉडल : कैंसर, शुगर और बीपी की एक साथ होगी रोकथाम

लंबे प्रशासनिक और पुलिस अनुभव का मिला दायित्व

अपने तीन दशक से अधिक के पुलिस और प्रशासनिक अनुभव के दौरान संजय ए लाठकर ने कानून-व्यवस्था, अभियान संचालन और सुरक्षा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाये हैं. वर्ष 2021 में झारखंड हाईकोर्ट ने भी उन्हें एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का नेतृत्व सौंपा था. विभिन्न संवेदनशील मामलों की जांच और सुरक्षा प्रबंधन में उनकी भूमिका को प्रशासनिक हलकों में महत्वपूर्ण माना जाता है.

उत्कृष्ट सेवा के लिए मिल चुके हैं कई सम्मान

संजय ए लाठकर को उनके सेवा काल में कई महत्वपूर्ण सम्मान प्राप्त हो चुके हैं. वर्ष 2019 में उन्हें केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से उत्कृष्ट सेवा पदक प्रदान किया गया था. इसके अलावा पुलिस सेवा के दौरान उन्हें विभिन्न पदक और लगभग 60 प्रशस्ति-पत्र मिले हैं. वर्ष 2022 में उनका चयन राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए भी किया गया था.

2025 में मिली थी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति

केंद्र सरकार ने वर्ष 2025 में उन्हें परमाणु ऊर्जा विभाग के अधीन आईजी (सुरक्षा) पद पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की मंजूरी दी थी. यह नियुक्ति एडीजी स्तर के वेतनमान पर की गयी थी. अब उन्हें विभाग में उच्च स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गयी है.

कैबिनेट समिति ने किया विशेष प्रावधान

सरकारी अधिसूचना के अनुसार, उनकी नियुक्ति को प्रभावी बनाने के लिए कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने विशेष प्रावधान किया है. इसके तहत परमाणु ऊर्जा विभाग में महानिरीक्षक (सुरक्षा) के पद को अस्थायी रूप से पे-मैट्रिक्स लेवल-14 से अपग्रेड कर लेवल-16 किया गया है. इसी व्यवस्था के तहत उन्हें डीजी स्तर की जिम्मेदारी दी गयी है.

झारखंड में पुलिस सेवा के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके संजय ए लाठकर की इस नियुक्ति को राज्य के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. परमाणु ऊर्जा विभाग जैसे रणनीतिक महत्व वाले संस्थान में उनकी नियुक्ति सुरक्षा प्रबंधन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव और कार्यक्षमता की मान्यता के रूप में देखी जा रही है.

ये भी पढ़ें: राधास्वामी संगठन मामला: बिहार-झारखंड के कई जिलों तक पहुंची जांच, जानें ईडी की रडार पर क्यों आई शेल कंपनियां

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola