बेंगाबाद अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत. परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
परेशान मरीज के परिजन | Prabhat Khabar Network
गिरिडीह के बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के दौरान एक नवजात की मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल की एएनएम पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि सही समय पर इलाज न मिलने के कारण यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई.
गिरिडीह. बेंगाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को प्रसव के दौरान नवजात की मौत का मामला सामने आया. कर्णपुरा गांव की बबीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे. परिजनों ने वहां मौजूद एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि प्रसव में देर होने की बात कहकर महिला को बरामदे में टहलने की सलाह दी गयी. काफी देर तक प्रसव पीड़ा से परेशान महिला बरामदे में टहलती रही. बाद में उसकी स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने हंगामा किया.
स्थिति बिगड़ने पर लेबर रूम में ले जाया गया
परिजनों के अनुसार, सुबह से दोपहर तक बबीता देवी प्रसव पीड़ा से परेशान रही. इसी दौरान एक अन्य महिला को प्रसव के लिए अस्पताल लाया गया, जिसे लेबर रूम में ले जाया गया. इधर, बबीता की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे अंदर ले जाने की मांग करने लगे. इसके बाद महिला को लेबर रूम में ले जाया गया, जहां उसने मृत बच्चे को जन्म दिया.
नवजात की मौत की जानकारी मिलने के बाद परिजन आक्रोशित हो गये. उन्होंने एएनएम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया. काफी समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हुआ.
पहले भी लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, अस्पताल में पूर्व में भी गर्भवती महिलाओं के इलाज और प्रसव को लेकर लापरवाही के आरोप सामने आते रहे हैं. एक मामले में महिला द्वारा सड़क पर नवजात को जन्म देने की बात सामने आयी थी. वहीं, एक अन्य महिला को अस्पताल से बाहर ले जाने के लिए कहे जाने के बाद परिजनों ने उसे छोटकी खरगडीहा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां सामान्य प्रसव हुआ.
एएनएम ने कहा- बच्चे की नाभी बाहर की ओर थी
मामले में संबंधित एएनएम का कहना है कि महिला का पूरा निरीक्षण किया गया था. बच्चे की नाभी बाहर की ओर होने के कारण प्रसव के दौरान समस्या उत्पन्न हुई. वहीं, अस्पताल प्रबंधक अरविंद कुमार ने कहा कि मामले की जांच-पड़ताल के बाद ही इस संबंध में कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है.
ये भी पढ़ें: video : जमडीहा में छात्रों के साथ मारपीट के बाद बढ़ा तनाव, एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए