video : जमडीहा में छात्रों के साथ मारपीट के बाद बढ़ा तनाव, एसडीपीओ समेत कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
जमडीहा गांव में दो छात्रों पर हुई मारपीट की घटना के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला है और गांव में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
गिरिडीह. देवरी थाना क्षेत्र के जमडीहा गांव में शनिवार की सुबह दो पक्षों के बीच विवाद के बाद हुई मारपीट में दो छात्र घायल हो गये. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. सूचना मिलते ही देवरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल छात्रों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले गयी. वहां दोनों का इलाज किया गया. स्थिति को देखते हुए गांव में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है और पुलिस टीम कैंप कर स्थिति पर नजर रख रही है.
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों छात्र कोचिंग सेंटर से पढ़ाई कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान उनके साथ मारपीट की घटना हुई. घटना की सूचना मिलने के बाद देवरी थाना की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला. इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों को भी जानकारी दी गयी.
ये भी पढ़ें: हरियाणा में करंट लगने से झारखंड के मजदूर की मौत, शव गांव लाने के लिए परिजनों ने लगाई गुहार
कई थानों की पुलिस पहुंची
घटना के बाद खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार, गावां अंचल के इंस्पेक्टर रोहित कुमार महतो, देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी, राजधनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार, जमुआ थाना प्रभारी विभूति देव और घोड़थंभा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी व जवान जमडीहा गांव पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली और गांव की स्थिति का जायजा लिया.
पुलिस ने विवाद में शामिल लोगों की पहचान और आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है. तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में कैंप कर रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.
पुलिस ने स्थिति नियंत्रण में होने की कही बात
देवरी थाना प्रभारी श्वेता कुमारी ने बताया कि मारपीट की घटना के बाद गांव में तनाव उत्पन्न हुआ था. मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाये रखने की अपील की है.
पुलिस घटना के कारणों और विवाद में शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जायेगी.
ये भी पढ़ें: VIDEO : मांदर की थाप पर झूमा गिरिडीह का बिरनी, पहली बार आयोजित करमा पूजा महोत्सव में जुटी भारी भीड़
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए