धनबाद से घर लौट रहा था परिवार, निमियाघाट में ट्रक से भिड़ी बाइक; पिता-पुत्र की मौत
यह फोटो एआई से बनाई गयी है
धनबाद के निमियाघाट में ट्रक और बाइक की टक्कर में पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. इलाके में शोक की लहर है.
गिरिडीह. निमियाघाट थाना क्षेत्र के निमियाघाट के पास रविवार को सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गयी, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गये. मृतकों की पहचान परसाटांड़ निवासी देवेंद्र महतो और उनके तीन साल के बेटे चीकू कुमार के रूप में हुई है. हादसे में देवेंद्र की पत्नी सोनी देवी और डुग्गू कुमार गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
बताया जाता है कि देवेंद्र महतो अपनी पत्नी सोनी देवी, पुत्र चीकू कुमार और डुग्गू कुमार के साथ बाइक से धनबाद से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान निमियाघाट के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक से टकरा गयी. हादसे में देवेंद्र महतो और उनके तीन वर्षीय पुत्र चीकू कुमार की मौके पर ही मौत हो गयी. वहीं सोनी देवी और डुग्गू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये.
स्थानीय लोगों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को निमियाघाट स्थित एसआर महावीर अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया.
ये भी पढ़ें: झारखंड की अफसरशाही पर भड़के विधायक जयराम महतो, बोले- 'DC-BDO भूल गए प्रोटोकॉल, अब चलेगा पेन उलगुलान'
जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर की मदद
घटना की सूचना मिलने के बाद झामुमो नेता राजकुमार महतो भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने आर्थिक सहयोग किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर आजसू नेत्री यशोदा देवी भी अस्पताल पहुंचीं. उन्होंने हादसे की जानकारी ली और मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया.
पिता-पुत्र की मौत से गांव में मातम
हादसे के बाद परसाटांड़ गांव में शोक का माहौल है. एक ही परिवार के पिता-पुत्र की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए