झारखंड की अफसरशाही पर भड़के विधायक जयराम महतो, बोले- 'DC-BDO भूल गए प्रोटोकॉल, अब चलेगा पेन उलगुलान'
डुमरी विधायक जयराम महतो मीडिया से बात करते हुए
डुमरी विधायक जयराम महतो ने झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने अफसरोंशाही को निरंकुश बताते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर 'पेन उलगुलान' (कलम की क्रांति) चलाने की चेतावनी दी है. महतो ने ब्रिटिश कालीन कानूनों से मुक्ति की भी मांग की.
धनबाद : डुमरी से विधायक और जेएलकेएम (JLKM) के प्रमुख जयराम महतो ने धनबाद में मीडिया से बातचीत की और झारखंड की प्रशासनिक व्यवस्था और पुलिस-प्रशासनिक रवैये पर तीखा हमला बोला है. दरअसल वे विद्युत एवं डेकोरेटर संघ के वार्षिक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान विधायक जब समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे उस वक्त पत्रकारों ने उन्हें घेर लिया और मौजूदा प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल पूछा. जिसका जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अफसरशाही पूरी तरह निरंकुश हो चुकी है और जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल का सरेआम उल्लंघन किया जा रहा है. जयराम महतो ने उदाहरण देते हुए कहा कि साहिबगंज और देवघर के डीसी तथा कई बीडीओ द्वारा नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी को मिलने का समय नहीं दिया जाना और पूर्व में विधायक भानु प्रताप शाही को आधे घंटे बैठाकर ज्ञापन न लेना बेहद आपत्तिजनक है. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद कैबिनेट मंत्री के समकक्ष होता है और वे सदन के नेता की छाया होते हैं. अधिकारियों द्वारा उनके साथ किया जा रहा यह व्यवहार लोकतंत्र में गलत परंपरा स्थापित कर रहा है. इस दौरान वे पुलिस एसोसिएशन प्रकरण मामले पर चुटकी ली है.
'थाना, अंचल और ब्लॉक में पिस रही जनता': विधायक जयराम
झारखंड के प्रशासनिक ढांचे पर हमला बोलते हुए विधायक ने कहा कि राज्य की आम जनता की लड़ाई तीन प्रमुख स्थानों- थाना, अंचल (अंचल कार्यालय) और ब्लॉक (प्रखंड)—पर आकर दम तोड़ देती है. आम नागरिक का सबसे ज्यादा सामना बीडीओ, सीओ और बड़ा बाबू से होता है. उन्होंने चेतावनी दी कि ईमानदारी से काम करने वाले अधिकारियों का स्वागत है, लेकिन संवैधानिक पदों पर बैठकर जनता का शोषण करने वाले बेईमान अफसरों के खिलाफ अब 'पेन उलगुलान' (कलम की क्रांति) चलाया जाएगा. वहीं, पुलिस एसोसिएशन के आंदोलन पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि फजीहत और मजाक उड़ने के डर से ही उन्होंने अपने कदम पीछे खींचे हैं.
ये भी पढ़ें: झारखंड में 150 करोड़ का ट्रेजरी स्कैम, BJP का हेमंत सरकार पर हमला, कहा- 'बड़ी मछलियों को बचा रही पुलिस'
डुमरी विधायक ने की अंग्रेजी कानूनों से मुक्ति की मांग
जयराम महतो ने कहा कि देश और राज्य को सशक्त बनाने के लिए ब्रिटिश कालीन कानूनों से मुक्ति पाना जरूरी है. उन्होंने गिरिडीह में महिला के साथ मारपीट, धनबाद में ट्रैफिक पुलिस की वजह से व्यक्ति के दोनों पैर टूटने और रामनाली में सीआईएसएफ (CISF) द्वारा बुजुर्ग महिला पर किए गए अत्याचार की कड़े शब्दों में निंदा की. उन्होंने मांग की कि दोषी पुलिस और सुरक्षाकर्मियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए.
पार्टी लाइन और देवेंद्र महतो पर दी सफाई
जेएलकेएम (JLKM) के आंतरिक मामलों पर विराम लगाते हुए जयराम महतो ने कहा कि देवेंद्र महतो पार्टी के मजबूत स्तंभ हैं और उनके बीजेपी में जाने की खबरें पूरी तरह निराधार हैं. छात्रों के हित में उनके आंदोलन का पार्टी स्वागत करती है. वहीं, जिला कमेटी को बिना सूचना दिए बैठक करने के कारण दिलीप चौधरी पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है, जिस पर आगे विचार किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि 2027 के भावी लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए पार्टी का मुख्य उद्देश्य पूरे झारखंड में संगठन का व्यापक विस्तार करना है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए