गिरिडीह में बाबूलाल मरांडी ने सरकार को घेरा, बोले-भर्ती परीक्षा में धांधली की CBI जांच कराये सरकार

Updated:
विज्ञापन

प्रदर्शन में शामिल नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी व अन्य

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती धांधली पर बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सरकार को घेरा, सीबीआई जांच की मांग को लेकर भाजपा का जोरदार प्रदर्शन.

विज्ञापन

गिरिडीह. जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली तथा आंदोलनरत छात्रों पर दर्ज मुकदमे के विरोध में शनिवार को भाजपा ने समाहरणालय के समक्ष प्रदर्शन किया. भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा भर्ती मामले की सीबीआई जांच कराने और छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग की.

विज्ञापन
12 गिरिडीह - 51. प्रदर्शन में शामिल नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी व अन्य, 52. समाहरणालय के समक्ष व गेट पर चढ़कर प्रदर्शन करते भाजपाई, 53. हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती जमुआ विधायक मंजू कुमारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
प्रदर्शन करते भाजप के नेता और कार्यकर्ता

प्रदर्शन में मुख्य अतिथि नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल भर्ती परीक्षाओं में भारी गड़बड़ी और धांधली के आरोप लगे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के संरक्षण में बिचौलियों के माध्यम से पैसे लेकर नौकरी देने का खेल हुआ है. भाजपा लगातार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रही है, लेकिन सरकार जांच कराने से डर रही है.

छात्रों के आंदोलन को दबाने का लगाया आरोप

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब छात्र और युवा सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन करते हैं, तो उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास किया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों पर लाठी-डंडे से हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने आंदोलनरत छात्रों पर ही एफआईआर दर्ज की.

ये भी पढ़ें: कंटेनर की चपेट में आए 13 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत, डुमरी में पसरा मातम

उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी संवैधानिक संस्थाएं हैं, लेकिन इनमें बिचौलियों के सक्रिय होने और नौकरियों में पैसे के लेन-देन के आरोप गंभीर हैं. भाजपा इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं करेगी.

12 गिरिडीह - 51. प्रदर्शन में शामिल नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी व अन्य, 52. समाहरणालय के समक्ष व गेट पर चढ़कर प्रदर्शन करते भाजपाई, 53. हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती जमुआ विधायक मंजू कुमारी व अन्य | Prabhat Khabar Network
हेमंत सरकार के खिलाफ नारेबाजी करती जमुआ विधायक मंजू कुमारी व अन्य

सीजीएल परीक्षा में भी धांधली का आरोप

मरांडी ने आरोप लगाया कि सीजीएल परीक्षा से पहले बिचौलियों ने पैसे लेकर कई परीक्षार्थियों को संभावित प्रश्न रटवाये. उन्होंने कहा कि परीक्षा भर्ती में पैसे के लेन-देन की बात सामने आयी है. विधानसभा घेराव के दौरान सरकार ने नियुक्तियां रद्द करने की घोषणा की थी, लेकिन बाद में मामला न्यायालय में पहुंचने पर हाईकोर्ट ने सरकार के आदेश पर रोक लगा दी.

उन्होंने गिरिडीह के झंडा मैदान में छात्रों के साथ कथित मारपीट का भी मुद्दा उठाया. कहा कि पीड़ित छात्रों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गयी, जबकि आंदोलन करने वाले छात्रों पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया.

सीबीआई जांच की मांग पर अड़े बाबूलाल

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि छात्रों को सीआईडी जांच पर भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि परीक्षा भर्ती मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच जरूरी है. आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सीबीआई जांच इसलिए नहीं करा रहे हैं कि कहीं जांच की आंच सरकार के शीर्ष स्तर तक न पहुंच जाये. उन्होंने कहा कि भाजपा झारखंड को भ्रष्टाचार से मुक्त कराने के लिए संघर्ष करती रहेगी.

छात्रों को न्याय मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष : डॉ. रवींद्र

भाजपा के पूर्व सांसद डॉ. रवींद्र कुमार राय ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा. उन्होंने जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल भर्ती में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि नौकरियों में पैसे के लेन-देन की शिकायतें सामने आयी हैं.

उन्होंने गिरिडीह झंडा मैदान में छात्रों के साथ कथित मारपीट की घटना की निंदा की और कहा कि भर्ती परीक्षा मामले की सीबीआई जांच से ही सच्चाई सामने आ सकती है.

ये भी पढ़ें: बरसोती और जमुनिया नदी पर बनेंगे दो पुल, सरिया-बगोदर के ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी राहत

छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग : नागेंद्र

बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस ले. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को उनके अधिकार के लिए आंदोलन करने पर लाठियों का सामना करना पड़ा और उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किये गये. उन्होंने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा.

युवाओं, किसानों और महिलाओं को ठगने का आरोप

जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने राज्य सरकार पर युवाओं, किसानों और महिलाओं को ठगने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली से छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ है. उन्होंने छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने और भर्ती परीक्षा मामले की जांच कराने की मांग की.

ये थे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा गिरिडीह महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने की, जबकि संचालन गिरिडीह ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा ने किया. मौके पर पूर्व विधायक लक्ष्मण स्वर्णकार, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, प्रभारी डॉ. संजय सिंह, सरोज सिंह, विभाकर पांडेय समेत कई भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे. धन्यवाद ज्ञापन भाजपा के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण प्रसाद सिंह ने किया.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola