कंटेनर की चपेट में आए 13 वर्षीय किशोर की इलाज के दौरान मौत, डुमरी में पसरा मातम
विधायक जयराम महतो ने परिजनों से की मुलाकात
डुमरी में सड़क हादसे में 13 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. विधायक जयराम महतो ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
डुमरी. डुमरी थाना क्षेत्र के सिमराडीह के पास शुक्रवार को सड़क पार करने के दौरान कंटेनर की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल 13 वर्षीय किशोर प्रेमचंद तुरी की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक सिमराडीह निवासी बीरू तुरी का बेटा था.
गंभीर हालत में धनबाद किया गया था रेफर
बताया गया कि शुक्रवार को प्रेमचंद सड़क पार कर रहा था. इसी दौरान वह कंटेनर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे धनबाद रेफर कर दिया.
इसके बाद परिजन किशोर को धनबाद के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उसकी मौत हो गयी. आवश्यक कागजी प्रक्रिया और पोस्टमार्टम के बाद शनिवार को शव सिमराडीह लाया गया.
ये भी पढ़ें: गांडेय के कस्तूरबा विद्यालय में कौशल प्रतियोगिता, छात्राओं ने हेल्थ केयर व ब्यूटी एंड वेलनेस के मॉडल किये प्रस्तुत
गांव में पसरा मातम
किशोर की मौत की खबर मिलते ही सिमराडीह गांव में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा. घटना की जानकारी मिलने पर डुमरी विधायक जयराम महतो शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं.
पुलिस कर रही मामले की जांच
बताया गया कि दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने कंटेनर को पकड़ लिया था और पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए