ePaper

डबल इंजन की सरकार बनने पर ही राज्य के जनता की आकांक्षा पूरी होगी : अन्नपूर्णा

Updated at : 13 Jul 2024 11:14 PM (IST)
विज्ञापन
डबल इंजन की सरकार बनने पर ही राज्य के जनता की आकांक्षा पूरी होगी : अन्नपूर्णा

झुपो देवी इंटर काॅलेज परिसर में शनिवार को भाजपा ने अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा का आयोजन किया. गांडेय विधानसभा क्षेत्र से आये बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया.

विज्ञापन

झुपो देवी इंटर काॅलेज परिसर में शनिवार को भाजपा ने अभिनंदन सह विजय संकल्प सभा का आयोजन किया. गांडेय विधानसभा क्षेत्र से आये बूथ स्तरीय कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया गया. लोकसभा में पूरे देश में सर्वाधिक मतों से विजयी बनाने के लिए केंद्रीय महिला व बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार जताया. कहा कि यह जीत भाजपा के सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है. भाजपा को दो सीट से इतनी प्रचंड बहुमत तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही है. लोकसभा चुनाव में पूरे राज्य के 81 विधानसभा में से 52 विधानसभा सीटों पर भाजपा आगे रही. इसमें गांडेय भी शामिल है. उन्होंने इंडिया गठबंधन को निशाने पर लेते हुए कहा नरेंद्र मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बने, लेकिन बालक बुद्धि वाले राहुल गांधी को 99 सीट और 240 सीट में अंतर समझ नहीं आ रहा है. कहा कि जिस इंडिया गठबंधन वालों ने संविधान बदलने का दुष्प्रचार किया, उसे यह भी ख्याल नहीं रहा कि श्री मोदी ने संविधान और बाबा साहब को कितना सम्मान दिया है. बाबा साहब के धरोहरों को पंच तीर्थ घोषित करते हुए उन्हें भारत रत्न का सम्मान दिया, इस बात से बेखबर भ्रम फैलाने में जुटे रहे.

राज्य सरकार पर साधा निशाना

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गांडेय में कल्पना सोरेन विधायक की चुनाव लडीं. यहां पर पूरे तंत्र को उतार दिया गया और भ्रम फैलाया गया कि कल्पना सोरेन चुनाव जीतने के बाद मुख्यमंत्री बनेंगी. जनता धोखे में आकर उन्हें जीत दिला दी, लेकिन जेल से निकलते ही हेमंत सोरेन सीएम के पद पर काबिज हो गये. विधानसभा चुनाव में जनता के बीच पांच लाख सरकारी नौकरी देने, बेरोजगारों को भत्ता देने, अनुबंध कर्मियों को स्थायीकरण सहित कई सब्जबाग दिखाये, लेकिन एक भी वादे पर राज्य सरकार खरा नहीं उतरी. राज्य में लूट तंत्र हावी है. ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर उगाही हो रही है. अधिकारी बेलगाम हैं. जनता का काम बिना पैसे के नहीं हो रही है. आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का मंत्र कार्यकर्ताओं को दिया. कहा कि जब डबल इंजन की सरकार बनेगी, तभी जनता की आकांक्षा और अपेक्षाएं पूरी होगी. भाजपा का लक्ष्य सेवा भाव है, जबकि इंडिया गठबंधन लूट व भ्रष्टाचार में लिप्त रहना है.

कार्यकर्ताओं की बदौलत बनते हैं नेता : अमित मंडल

गोड्डा के विधायक अमित मंडल ने कहा कि असल लड़ाई बूथ पर होती है और लोकसभा चुनाव में भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे साबित कर दिखाया. विपरीत परिस्थितियों में कार्यकर्ता डटे रहे और राज्य के 52 सीटों पर भाजपा को बढ़त दिलायी. कहा कि इस हार को विपक्ष पचा नहीं पा रहा है. युवराज को गणित की समझ नहीं है और महज 99 सीट जीतकर नरेंद्र मोदी की हार बता रहे हैं. कार्यकर्ताओं की बदौलत ही नेता बनते हैं. कहा कि राज्य सरकार अपने एक भी वादा को पूरा नहीं कर पायी. पूरे राज्य में अनाज घोटाला हुआ है. राज्य की जनता भ्रष्टाचार से तंग आकर बदलाव के मूड में है.

हेमंत सरकार हर मोर्चे पर फेल : दिलीप वर्मा

भाजपा के प्रदेश मंत्री सह कार्यक्रम के संयोजक दिलीप वर्मा ने कहा कि राज्य की हेमंत सरकार हर मोर्चे पर फेल है. इस सरकार ने जनता से जो वादा किया उसे पूरा नहीं किया. इस सरकार से जनता त्रस्त हो चुकी है. जनता की आकांक्षा पूरी नहीं हो पायी है. कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत के बूते कोडरमा लोस क्षेत्र में भाजपा विजयी हुई. वहीं, गांडेय उपचुनाव में भाजपा को लगभग 83 हजार वोट प्राप्त हुए. विस चुनाव में कार्यकर्ताओं के बल पर राज्य सरकार को उखाड़ फेंका जायेगा.

ये थे उपस्थित :

मौके पर जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, दिनेश प्रसाद यादव, प्रणव वर्मा, यदुनंदन पाठक, उषा कुमारी, कामेश्वर पासवान, जयप्रकाश मंडल, महेंद्र वर्मा, अरुण हाजरा, शिवपूजन राम, नुनूलाल मरांडी, भागीरथ मंडल, अर्जुन वर्मा, महेश राम, सुरेश मंडल, हेमराज साव, संदीप गुप्ता, नंदलाल नंदन, दशरथ प्रसाद सिंह, हरी वर्मा, गोपाल राणा, राजेश राय, रतन रवानी, छोटेलाल यादव, सुरेंद्र लाल, सुभाष राणा आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola