SIR में बदले बूथ-पंचायत से भड़के मतदाता, प्रखंड कार्यालय में किया जोरदार विरोध
चिनिया प्रखंड में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान कई मतदाताओं के नाम गलत पंचायतों और बूथों में स्थानांतरित कर दिए गए हैं. सुधार के लिए आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई न होने से नाराज मतदाताओं ने सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया.
चिनिया, गढ़वा : प्रखंड में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के दौरान कई मतदाताओं के नाम उनके पंचायत से दूसरे पंचायत और बूथ में स्थानांतरित होने का मामला सामने आया है. सुधार के लिए आवेदन देने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से नाराज सैकड़ों मतदाता सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुंचे और विरोध जताया.
आपके शहर में
मतदाताओं ने बताया कि छतैलिया गांव के कई लोगों के नाम चिनिया एवं रानीचेरी बूथ में कर दिये गये हैं, जबकि वे वर्षों से छतैलिया मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र पर मतदान करते आ रहे हैं. आरोप है कि पुराने बूथ से नाम हटाकर चिनिया पंचायत के उत्क्रमित उच्च विद्यालय स्थित बूथ में नाम कर दिया गया है. मतदाताओं ने इसमें सुधार के लिए पहले भी बीडीओ को आवेदन दिया था, लेकिन अब तक सुधार नहीं होने से उनमें नाराजगी है.
सोमवार को बड़ी संख्या में मतदाता प्रखंड कार्यालय पहुंचे. हालांकि, बीडीओ सुबोध कुमार कार्यालय में मौजूद नहीं थे. वह डोल पंचायत में चल रहे एसआइआर कैंप में थे. इस कारण मतदाताओं की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा.
मंगलवार को मिलेगा सुधार का फॉर्म
इस संबंध में बीडीओ सुबोध कुमार से फोन पर बात की गयी. उन्होंने बताया कि सोमवार को वह डोल पंचायत में एसआइआर कैंप में मौजूद थे. उन्होंने कहा कि एसआइआर में जिन मतदाताओं के नाम या बूथ को लेकर गड़बड़ी हुई है, उन्हें मंगलवार को फॉर्म दिया जायेगा. फॉर्म भरकर जमा करने के बाद आवश्यक सुधार किया जायेगा.
इस दौरान धर्मपाल सिंह, बहादुर सिंह, प्रदीप सिंह, धर्मेंद्र सिंह, मंगरू परहिया, जितेंद्र परहिया, सुरेंद्र परहिया, राजेंद्र पुरहिया, सुरेश परहिया, बिराजी देवी, बसंती देवी, शोभन सिंह, उमेश परहिया, शांति देवी, भिखारी सिंह, तेरस सिंह, बरती देवी, सुनीता देवी, जयपाल सिंह, महेंद्र सिंह, बासमती देवी, प्रभा देवी, सरिता कुमारी, किरण कुमारी समेत बड़ी संख्या में मतदाता मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए